आगरा मेट्रो का बढ़ता दायरा: डीएम मनीष बंसल ने किया सफर, आगरा कॉलेज स्टेशन की प्रगति पर जताया संतोष

स्थानीय समाचार

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के आह्वान के बाद, आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को आगरा मेट्रो की सुविधाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। डीएम ने ताज ईस्ट गेट से लेकर मनकामेश्वर तक मेट्रो का सफर किया और शहर में चल रही इस विश्वस्तरीय परियोजना की गुणवत्ता व संचालन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।

मेट्रो की आधुनिकता और यात्रियों के अनुभव पर नज़र

जिलाधिकारी ने ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मेट्रो स्टाफ के साथ संवाद स्थापित किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो ट्रेन की स्वच्छता, सुरक्षा इंतजामों और यात्री सुविधाओं की सराहना की।

डीएम ने यात्रियों से भी फीडबैक लिया और कहा कि आगरा मेट्रो न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और समय की बचत में भी मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आगरा वासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की।

निर्माणाधीन स्टेशनों का गहन निरीक्षण

मेट्रो यात्रा के बाद, जिलाधिकारी ने ‘बैलेंस सेक्शन’ के अंतर्गत निर्माणाधीन आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का दौरा किया। यह स्टेशन जून 2026 तक यात्री सेवाओं के लिए शुरू किया जाना प्रस्तावित है। डीएम ने वहां चल रहे निर्माण कार्यों, सुरक्षा मानकों और प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। इसके अलावा, उन्होंने ताजमहल मेट्रो स्टेशन और डॉ. आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन का भी निरीक्षण किया। भूमिगत स्टेशनों के ग्राउंड लेवल से लेकर कॉन्कोर्स और प्लेटफॉर्म स्तर तक की व्यवस्थाओं को देख उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

​अधिकारियों को समयबद्ध कार्य के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक अरविंद राय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्य की गति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि शहर के निवासियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को जल्द ही निर्बाध सुविधा मिल सके।

इस निरीक्षण के दौरान आगरा मेट्रो रेल परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें एजीएम (सिविल ट्रैक) संजय अग्रवाल, एजीएम (इलेक्ट्रिकल) उमंग कुमार, जेजीएम (सिविल) सुधीर कुमार, डीजीएम (ऑपरेशन्स) आशीष अग्रवाल और डीजीएम (सिविल) राहुल राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh