सोशल मीडिया पर अश्लील और अभद्र कंटेंट के जरिए समाज को दूषित करने वालों पर आगरा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शहर के साइबर क्राइम थाने में इस संबंध में एक गंभीर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दीपक बाबू ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किए जा रहे आपत्तिजनक वीडियो, गाली-गलौज और अश्लील भाषा के खिलाफ ठोस डिजिटल साक्ष्यों के साथ तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में मुख्य रूप से दो व्यक्तियों—प्रकाश कुमार और पीयूष मल्होत्रा को नामजद किया गया है। आरोप है कि प्रकाश कुमार इंस्टाग्राम पर ‘पुनीत सुपर स्टार’ नाम से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर रहा है, जबकि पीयूष मल्होत्रा फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार अश्लील कंटेंट फैला रहा है। शिकायतकर्ता का तर्क है कि ये लोग केवल लाइक्स, व्यूज, फॉलोअर्स बढ़ाने और आर्थिक लाभ कमाने के लिए जानबूझकर ऐसी सामग्री तैयार कर रहे हैं जो समाज के लिए घातक है।
तहरीर में इस बात पर विशेष चिंता जताई गई है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो से बच्चों, युवाओं और महिलाओं पर अत्यधिक नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इससे न केवल सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है, बल्कि नई पीढ़ी गलत दिशा में अग्रसर हो रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे पूर्व भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण अब डिजिटल साक्ष्यों के साथ दोबारा मामला सामने लाया गया है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स, वीडियो लिंक और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- वाराणसी से वडनगर तक 2000 किमी की ‘सेवा यात्रा’ का आगरा में भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन - September 25, 2026
- आगरा में एक्मा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार: कपड़ा व्यापारियों के हितों की रक्षा करने का लिया संकल्प - September 25, 2026
- आगरा में ‘सीधी बात’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं ने की खास चर्चा: राज्यसभा सांसद नवीन जैन के साथ रोजगार, पर्यटन और जनगणना-2027 पर हुआ सीधा संवाद - September 25, 2026