ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने कोवीशील्ड और कोवैक्सिन के वयस्कों में रेगुलर मार्केट यूज को मंजूरी दे दी है, लेकिन शर्तों के साथ। न्यूज़ एजेंसी PTI ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से गुरुवार को इस बात की जानकारी दी है। यह अप्रूवल न्यू ड्रग्स एंड क्लिनिकल ट्रायल रूल्स 2019 के तहत दिया गया है।
हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि दोनों कोरोना वैक्सीन जल्द ही दवा दुकानों पर मिलने लगेंगी। इन्हें अस्पतालों और क्लीनिकों से खरीदना होगा। इमरजेंसी यूज के लिए सेफ्टी डेटा DCGI को 15 दिनों के भीतर देना होता है, लेकिन बाजार की मंजूरी के लिए डेटा छह महीने के भीतर नियामक को देना होगा।
मंजूरी मिलने के बाद कोरोना वायरस की इन दोनों वैक्सीन का एक डोज 275 रुपए में मिलने की संभावना है। सर्विस चार्ज के 150 रुपए जुड़ने के बाद हर डोज के लिए एक व्यक्ति को 425 रुपए में मिल सकता है।
इन शर्तों के आधार पर मिली मंजूरी
कोवैक्सिन और कोवीशील्ड को मार्केट में बेचने के लिए न्यू ड्रग्स एंड क्लिनिकल ट्रायल रूल्स 2019 के तहत मंजूरी दी गई है। फर्म को CO-Win प्लेटफॉर्म पर देश के भीतर किए गए सभी वैक्सीनेशन रिकॉर्ड करने के अलावा देशभर में चल रहे क्लीनिकल ट्रायल्स और सप्लाई किए जाने वाले वैक्सीन के डोज का डाटा जमा करना होगा। वैक्सीनेशन के बाद होने वाले साइड इफेक्ट पर भी निगरानी रखनी होगी।
अभी 1200 है कोवैक्सिन की कीमत
प्राइवेट फैसिलिटी के तहत अभी तक कोवैक्सिन के एक डोज की कीमत 1,200 रुपए, जबकि कोवीशील्ड की कीमत 780 रुपए है। कीमतों में 150 रुपए का सर्विस चार्ज भी शामिल है। दोनों वैक्सीन का इस्तेमाल देश में केवल इमरजेंसी में किया जा रहा है। कोवैक्सिन और कोवीशील्ड को 3 जनवरी 2021 को इमरजेंसी यूज की अनुमति दी गई थी।
SEC ने भेजी थी रिकमंडेशन
सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने 19 जनवरी को कुछ शर्तों के साथ वयस्कों के लिए कोवीशील्ड और कोवैक्सिन को रेग्युलर मार्केट में बेचने की मंजूरी देने की सिफारिश की थी।
सीरम इंस्टीट्यूट में गवर्नमेंट और रेग्युलेटरी अफेयर्स के डायरेक्टर प्रकाश कुमार सिंह और भारत बायोटेक के डायरेक्टर वी कृष्ण मोहन ने वैक्सीन के लिए मार्केट ओपन करने की मांग की थी। SEC ने सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक की एप्लिकेशन का दोबारा रिव्यू किया। जिसके बाद कुछ शर्तों के साथ कोवैक्सिन और कोवीशील्ड को रेगुलर मार्केट अप्रूवल दे दिया गया है।
-एजेंसियां
- आगरा में सिस्टम की लापरवाही से सड़क के गड्ढे में दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस: प्रसव में देरी के चलते जन्मी मृत बच्ची, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग - September 6, 2026
- जन्माष्टमी पर रिलीज हुआ नया आध्यात्मिक रैप गीत ‘मैं ही कृष्ण, मैं ही राम’: अंशुल चौबे और देव-ऋषि के संगीत ने युवाओं में जगाई धार्मिक और सांस्कृतिक रुचि - September 6, 2026
- लड्डू गोपाल झूले में झूले, नंदोत्सव की खुशियों में झूमा श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार: फतेहाबाद रोड पर सजी ब्रज की संस्कृति की अद्भुत छटा - September 6, 2026