Agra, Uttar Pradesh, India. आगरा में थाना मलपुरा क्षेत्र के कस्बा मिढ़ाकुर में मंगलवार रात को छत पर सो रही पतिहीना महिला से दबंग पड़ोसी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा शोर मचाने पर दबंग मौके से भाग निकला। बुधवार सुबह पीड़िता और उसकी सास ने इसकी शिकायत उसके परिजनों से की। दबंग के परिजनों ने पीड़िता व उसकी सास तथा बेटे के साथ मारपीट कर पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए। घटना के बाद पीड़िता पुलिस चौकी मिढ़ाकुर पर आ गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये है मामला
थाना मलपुरा के कस्बा मिढ़ाकुर में एक पतिहीन महिला अपनी सास और दो बच्चों के साथ रहती है। बताया गया है कि पड़ोस में रहने वाला बृजकिशोर सोलंकी उर्फ सूरज पुत्र जोरावर काफी दिनों से महिला पर गंदी नजर रखता था। मंगलवार रात को पीड़िता अपनी छत पर सो रही थी। रात 2 बजे सूरज छत पर आ गया। उसने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। इस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकला।
आरोपी के पिता ने पीड़िता के कपड़े फाड़े
बुधवार सुबह पीड़िता अपनी सास को लेकर युवक के घर पहुंच गई। महिला ने आरोपी युवक के परिजनों को रात की घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इस पर आरोपी का पिता जोरावर भड़क गया। इसके बाद उसने पीड़िता महिला तथा उसकी सास व उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जोरावर ने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए। जिसके बाद किसी तरह मौके पर मौजूद लोगों ने पीड़िता को वहां से निकाला।
पुलिस ने पिता और पुत्र के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
इसके बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ पुलिस चौकी मिढ़ाकुर पर आ गई। पीड़िता ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष मलपुरा अरुण बालियान ने बताया है कि मामले में सूरज और जोरावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज पंजीकृत कर लिया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
- अमेठी पुलिस पर ‘अजब’ आरोप: बिस्तर पर पड़ी 82 साल की बुजुर्ग महिला पर दर्ज कर दी FIR - March 9, 2026
- निश्चिंत होकर घर जाएं, समस्या मेरी जिम्मेदारी, जनता दर्शन में पीड़ितों से बोले मुख्यमंत्री योगी - March 9, 2026
- Agra News: औषधि विभाग की रडार पर माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स के बंद गोदाम, सैंपल दवाओं के अवैध कारोबार की आशंका - March 9, 2026