कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर के दौरे पर विकास की नई इबारत लिखी। उन्होंने 424 करोड़ रुपये से अधिक की 278 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की आधिकारिक घोषणा की।
फाजिलनगर बना ‘पावागढ़’
मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने फाजिलनगर के नामकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब इस क्षेत्र को भगवान महावीर की पावन स्मृति से जोड़ते हुए ‘पावागढ़’ के नाम से नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले इन क्षेत्रों को राजनीति का मजाक बनाकर रख दिया गया था, लेकिन अब इसे नई पहचान और विकास की गति दी जा रही है।
’मच्छर और माफिया का इलाज’
विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने पुरानी सरकारों के ‘जंगल राज’ की याद दिलाई। उन्होंने कहा, “करीब 10 साल पहले कुशीनगर पहचान और बीमारी के संकट से जूझ रहा था। उस समय बालू और खनन माफियाओं का आतंक था, लेकिन आज हमारी सरकार ने मच्छर और माफिया दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म कर दिया है।” उन्होंने कहा कि आज न बीमारी है और न ही अपराधियों का खौफ।
’सपा है घोषित रामद्रोही’
किसानों की बदहाली और राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक राम मंदिर के निर्माण को रोका, जबकि समाजवादी पार्टी तो ‘घोषित रामद्रोही’ है। उन्होंने कहा कि 498 वर्षों के संघर्ष के बाद डबल इंजन की भाजपा सरकार ने राम भक्तों के संकल्प को पूरा किया।
’विकास के पथ पर कुशीनगर’
सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज गन्ना किसानों को समय पर पर्ची मिल रही है और घटतौली की समस्या समाप्त हो गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य अंत्योदय (अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास) है। इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
- पेट्रोल पंपों पर बढ़ सकता है कैश का चलन: 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 5 रुपये एमडीआर के विरोध में डीलरों ने दी चेतावनी - September 16, 2026
- Agra News: सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर महापौर से मिला सेनेटरी सुपरवाइजर संघ, वेतन विसंगतियों और ईएसआई कार्ड न मिलने पर जताया रोष - September 16, 2026
- पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी से निकलेगा 500 गाड़ियों का विशाल काफिला: वडनगर तक जाएगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा - September 16, 2026