लखनऊ में सीएम योगी ने किया जूनियर हॉकी विश्वकप ट्रॉफी का स्वागत, कहा – “ये स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण”

REGIONAL

लखनऊ। जूनियर हॉकी विश्वकप 2025 की ट्रॉफी बुधवार को लखनऊ पहुंची, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका भव्य स्वागत किया। यह टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरई में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा, “उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आगमन हमारे स्वर्णिम खेल इतिहास की याद दिलाने वाला गौरवपूर्ण क्षण है। हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय रहा है।”

उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी प्रदेश की धरती पर हुआ था, और उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

सीएम योगी ने यह भी बताया कि हॉकी के महान खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ का जन्म भी उत्तर प्रदेश में हुआ था। उनकी स्मृति को सहेजने के लिए बाराबंकी स्थित उनके पैतृक आवास को एक म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

 यूपी के हॉकी खिलाड़ियों का योगदान याद किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने पद्म पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आर.पी. सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्र, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एम.पी. सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव और प्रीति दुबे के योगदान को याद किया।

 “आज भी यूपी के खिलाड़ी देश का मान बढ़ा रहे हैं”

योगी ने कहा कि वर्तमान में भी राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी भारतीय सीनियर और जूनियर टीमों में चयनित होकर प्रदेश व देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

सीएम योगी ने जूनियर हॉकी विश्वकप से जुड़े सभी पदाधिकारियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्वकप 2025 के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाड़ियों की सफलता की भी मंगलकामना की।

 24 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा

जूनियर पुरुष हॉकी विश्वकप में कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें भारत, चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देश शामिल हैं। यह टूर्नामेंट 28 नवंबर से शुरू होकर 10 दिसंबर तक खेला जाएगा

सीएम योगी ने कहा “हॉकी हमारे देश की आत्मा से जुड़ा खेल है। इस ट्रॉफी का लखनऊ आगमन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है।”

Dr. Bhanu Pratap Singh