मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले डिजिटल युद्ध स्मारक ‘त्रिशूल – भारतीय रक्षा संग्रहालय’ का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हुए विकास कार्यों की सराहना की।
आमजन के लिए सेना का गौरव
‘त्रिशूल’ भारतीय रक्षा संग्रहालय देश के उन गिने-चुने संग्रहालयों में शामिल है, जिन्हें सेना के छावनी क्षेत्र (केंट) से बाहर आम नागरिकों के लिए विकसित किया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल एक प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि एक ‘एक्टिविटी जोन’ है। यहाँ आने वाले लोग न केवल सेना के इस्तेमाल किए गए मूल हथियार, टैंक और फाइटर जेट को देख सकेंगे, बल्कि आधुनिक लेजर शो और थिएटर के जरिए सेना की गौरवगाथा को महसूस भी कर पाएंगे।
11 महीने में 31 करोड़ की लागत से तैयार
मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने जानकारी दी कि कारगिल विजय की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से इस परियोजना की नींव रखी गई थी। महज 11 महीने के रिकॉर्ड समय में 31 करोड़ रुपये की लागत से इसे तैयार किया गया है।
क्या है खास?
संग्रहालय में बंकरों और ट्रेंच का निर्माण किया गया है ताकि युवा पीढ़ी यह समझ सके कि विपरीत परिस्थितियों में हमारे वीर सैनिक किस प्रकार सीमाओं की रक्षा करते हैं। लेजर शो और अत्याधुनिक थिएटर के जरिए युद्ध के दृश्यों और सैन्य परंपराओं को जीवंत किया गया है। इस संग्रहालय का मुख्य उद्देश्य सेना और नागरिकों के बीच की दूरी को कम करना और देशप्रेम की भावना को जागृत करना है।
नगर आयुक्त के अनुसार, सिविल संस्था द्वारा कैंट से बाहर इस तरह का रक्षा संग्रहालय बनाना इसे पूरे देश में एक अनूठी पहचान दिलाता है। यह संग्रहालय न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।
- बुलंदशहर: कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर लगाया घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल - September 4, 2026
- मथुरा से सीएम योगी आदित्यनाथ का कड़ा संदेश: बोले— सनातन धर्म को मिटाने वाले खुद इतिहास में खो गए - September 4, 2026
- यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने आकाश आनंद को दिया निषाद पार्टी में शामिल होने और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का ऑफर - September 4, 2026