केंद्र सरकार ने भारत-पाकिस्तान के 16 YouTube न्यूज़ चैनल किए ब्लॉक

केंद्र सरकार ने भारत-पाकिस्तान के 16 YouTube न्यूज़ चैनल किए ब्लॉक

NATIONAL


भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कई भारतीय और पाकिस्तानी यूट्यूब न्यूज़ चैनलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है और उन्हें ब्लॉक कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित दुष्प्रचार फैलाने के लिए 16 यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक किया है।
जिन यूट्यूब चैनलों पर कार्रवाई हुई है, उनमें 10 भारतीय चैनल हैं और 6 पाकिस्तान बेस्ड चैनल हैं। इन चैनलों को आईटी रूल्स 2021 के तहत ब्लॉक किया गया है। ये यूट्यूब चैनल भारत में दहशत पैदा करने, सांप्रदायिक विद्वेष भड़काने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए झूठी, असत्यापित जानकारी परोस रहे थे। जिन चैनलों को ब्लॉक किया गया है, उनके दर्शकों की संख्या 68 करोड़ से ज्यादा थी।
दरअसल भारत के कुछ यूट्यूब चैनलों द्वारा जो कंटेंट परोसा गया, वह एक समुदाय को आतंकवादी के रूप में दिखाता है और विभिन्न धार्मिक समुदायों के सदस्यों के बीच नफरत को उकसाता है। इस तरह का कंटेंट सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकता है और पब्लिक सिस्टम को बिगाड़ सकता है।
कई ऐसे यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक किया गया, जो दहशत पैदा कर रहे थे और असत्यापित समाचार और वीडियो प्रकाशित कर रहे थे। उदाहरण के लिए कई यूट्यूब चैनलों द्वारा COVID-19 के कारण पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा से संबंधित झूठे दावे किए गए थे। इनमें प्रवासी श्रमिकों को खतरा बताया गया था और कुछ धार्मिक समुदायों के लिए खतरों के आरोप लगाते हुए मनगढ़ंत दावे किए गए थे। जांच में पाया गया कि ऐसी सामग्री देश में सार्वजनिक व्यवस्था के लिए हानिकारक है।
वहीं पाकिस्तान बेस्ड YouTube चैनल भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर और यूक्रेन को लेकर नकली समाचार पब्लिश कर रहे थे। जिसका इस्तेमाल से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की संप्रभुता और अखंडता और विदेशी राज्यों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नुकसान पहुंचाया जा सकता था।
-एजेंसियां

Dr. Bhanu Pratap Singh