बीजेपी ने कैप्टन अमरिंदर और सुनील जाखड़ को बनाया राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य, जयवीर शेरगिल राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त – Up18 News

बीजेपी ने कैप्टन अमरिंदर और सुनील जाखड़ को बनाया राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य, जयवीर शेरगिल राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त

POLITICS

 

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ शुक्रवार (2 दिसंबर 2022) को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य नियुक्त किए गए। इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया।

BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राणा गुरमीत सोढ़ी, मनोरंजन कालिया और अमनजोत कौर रामूवालिया को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का मेंबर बनाया गया है।

पार्टी ने बीजेपी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष रहे मदन कौशिक, पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन कालिया को राष्ट्रीय कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

कांग्रेस से पांच दशक पुराना नाता तोड़ BJP में शामिल हुए थे सुनील जाखड़

कांग्रेस (Congress) से अपने परिवार का पांच दशक पुराना नाता तोड़ने के बाद पंजाब के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ मई 2022 में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद जाखड़ ने कहा था, “मेरे परिवार की तीन पीढ़ियों ने पिछले 50 सालों से कांग्रेस पार्टी की सेवा की। आज मैंने पंजाब में राष्ट्रवाद, एकता और भाईचारे के मुद्दों पर कांग्रेस से पांच दशक पुराना नाता तोड़ लिया है। अब मैं भाजपा के साथ पंजाब में राष्ट्रवाद, एकता और भाईचारे की राजनीति करूंगा।”

हिंदू होने की वजह से सीएम नहीं बनाने का लगाया था आरोप

दरअसल, कांग्रेस की अनुशासन समिति ने जाखड़ को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो साल के लिए निलंबित करने की सिफारिश की थी। जिसके बाद उन्हें सभी पदों से हटा दिया गया था। सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद ज्यादातर विधायक उनके समर्थन में थे। लेकिन उन्हें सिर्फ हिंदू होने की वजह से सीएम नहीं बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इसके पीछे अंबिका सोनी थी, जिन्होंने कहा था कि पंजाब में सिख मुख्यमंत्री ही होना चाहिए।

मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

दूसरी ओर पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2022 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। इसके साथ ही कैप्टन ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस जिसका गठन 2021 में किया गया था, उसका भी भाजपा में विलय कर लिया था। सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।