आगरा। होली के त्यौहार पर मिलावटखोरों के मंसूबों को नाकाम करते हुए आगरा जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने शमशाबाद रोड पर घेराबंदी कर राजस्थान से आ रहे करीब 1320 किलो मिलावटी खोये की बड़ी खेप पकड़ी। मौके पर मोबाइल लैब टेस्ट में फेल होने के बाद, प्रशासन ने ₹2.37 लाख की कीमत के इस दूषित खोये को जेसीबी से गड्ढे में दबवाकर नष्ट कर दिया।
सुबह 8 बजे बोलेरो पिकअप से बिछाया गया जाल
विभागीय टीम ने शनिवार प्रातः 8:00 बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड पर एक बोलेरो पिकअप (UP83DT1441) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 22 डलियों में भरा हुआ 1320 किलोग्राम खोया मिला, जिसे आगरा की खोया मंडी में खपाने की तैयारी थी। वाहन चालक नारायण सिंह ने बताया कि इस माल का मालिक धौलपुर (राजस्थान) निवासी राजन सिंह है।
मोबाइल लैब टेस्ट में हुआ बड़ा खुलासा
मौके पर मौजूद एफएसडब्ल्यू (FSW) मोबाइल लैब द्वारा जब खोये की प्राथमिक जांच की गई, तो वह मानकों पर खरा नहीं उतरा और मिलावटी पाया गया। अस्वच्छकर परिस्थितियों में रखे इस ‘सफेद जहर’ से जनता की सेहत को बड़ा खतरा हो सकता था, जिसे देखते हुए टीम ने तत्काल इसे बमरौली कटारा स्थित डंपिंग जोन ले जाकर नष्ट कराने का निर्णय लिया।
कठोर विधिक कार्रवाई की तैयारी
अधिकारियों ने खोये के दो विधिक नमूने लेकर लैब भेज दिए हैं। विभाग का कहना है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावटखोरों पर और भी सख्त शिकंजा कसा जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार के अन्य मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
- किरावली को मिला जनसेवा का नया ‘तीर्थ’: सांसद राजकुमार चाहर ने 95.63 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, अब जनता के द्वार होगा समाधान - March 14, 2026
- Agra News: बेटियों के सपनों को मिले ‘साइकिल के पंख’; भारत विकास परिषद् ने 51 छात्राओं को भेंट की साइकिल, अब आसान होगी शिक्षा की राह - March 14, 2026
- नेशनल चैम्बर चुनाव: मनोज बंसल के सिर सजा जीत का ताज, कांटे की टक्कर में 19 वोटों से पछाड़ा; अम्बा प्रसाद और नीतेश बने उपाध्यक्ष - March 14, 2026