आगरा के प्रभारी मंत्री ए.के.शर्मा ने पीपल का पौधा रोपकर वृक्षारोपण जन आंदोलन की शुरुआत की

आगरा के प्रभारी मंत्री ए.के.शर्मा ने पीपल का पौधा रोपकर वृक्षारोपण जन आंदोलन की शुरुआत की

REGIONAL

 

आगरा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बृहद वृक्षारोपण जन अभियान 2023 के तहत पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाने है, जिसमें से आज 22 जुलाई को 30.00 करोड़ एवं 15 अगस्त को 5.00 करोड़ पौध रोपण किया जाना है। इसी क्रम में आगरा जनपद के प्रभारी मंत्री व नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने ताज नगरी फेस-2 के जोनल पार्क में अपने कर कमलों से पीपल का पौधा रोपकर आगरा में वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। मंत्री ने इस दौरान आंवला, बरगद, पीपल, बेल, अशोक के पौधों की पंचवटी वाटिका तथा पीपल, पाकड़, बरगद के पौधों से बनाई गई हरिशंकरी वाटिका का भी रोपण किया। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से प्रकृति के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। मंत्री के आह्वान पर जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों, कर्मचारियों , नवयुवकों, स्कूल के बच्चों, आमजन ने वृक्षारोपण अभियान में बड़े उत्साह के साथ बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और पौधरोपण किया। आज के इस पौधरोपण अभियान में आगरा में 42 लाख पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर मंत्री ने वृक्षरोपण अभियान का हिस्सा बनने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज पूरे प्रदेश में कुल 35 करोड़ पौधों में से 30 करोड़ पौधे रोपे जा रहे। आगरा जनपद में भी आज 48 लाख पौधों में से 42 लाख पौधों का रोपण किया गया। आगे इसमें 02 लाख की वृद्धि के साथ अब 50 लाख पौधों को रोपण किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि वृक्ष भारतीय संस्कृति में ईश्वरीय प्रतीक माने जाते हैं, इसलिए हमारे यहां वृक्षों की पूजा की जाती है। उन्होंने पीपल वृक्ष के महत्व को शास्त्रोक्त कहा कि “मूलतों ब्रह्म रूपाय,मध्यते विष्णु रूपने, अग्रतो शिव रूपाय, महाबृक्षाय नमो नमः” अर्थात पीपल के वृक्ष के मूल में ब्रह्म का मध्य में विष्णु का और अग्र भाग में शिव का वास होता है।

उन्होंने कहा कि पीपल वृक्ष को प्रणाम कर जो जीवन की शुरुआत करते हैं, उन्हें सफलता मिलती है। पीपल वृक्ष के सामने “आयुः प्रजा धनम धान्यम देही मम, महाबृक्षाय” बोलकर लोग अपनी मुरादे पूरी करते हैं। उन्होंने महापौर को मिले बेल के पौधे को देखकर कहा कि बेल का वृक्ष साक्षात शिव का अंश होता है। इसी प्रकार शमी के पौधे में लक्ष्मी का वास होता है। वृक्ष हमारे भौतिक जीवन व हमारे स्वास्थ्य को बढ़ाने में मदद करते हैं। साथ ही आध्यात्मिक रूप में भी वृक्ष का बहुत महत्व है। कहा कि वृक्ष वातावरण को शुद्ध करते हैं, वायुमंडल के कार्बन को समाहित कर शुद्ध वातावरण देने के साथ, छाया व ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों को 35 लाख पौध रोपण का लक्ष्य दिया है, जिसे हम और ज्यादा ही करेंगे। नगरों में पौधरोपण से पहले एक सप्ताह का नगर सफाई महा अभियान चलाया गया, जिससे कि पौधों के रोपण की जगह को साफ सुथरा एवं स्वच्छ बनाया जा सके। उन्होंने सभी से अपील भी कि पौध रोपण के साथ ही पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान दे, तभी हम अपने आसपास के क्षेत्रों को हरा-भरा बना पाएंगे। इसके तत्पश्चात मंत्री ने उपस्थित स्कूल के बच्चों तथा एनसीसी कैडेट से मुलाकात कर सभी बच्चों को पौधे भेंट किए तथा उन्हें वृक्षों के महत्व को बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि हम एक ही पौधा लगाएं लेकिन यह सुनिश्चित करें कि वह जीवित रहना चाहिए, जिस प्रकार हम अपने बच्चों का लालन पालन करते हैं उसी प्रकार लगाए गए पौधे का करें, और अगली पीढ़ी को प्रदूषण मुक्त वातावरण दें। आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि आज 02 लाख पौधे नगर निगम रोपित कर रहा है, हम सुनिश्चित करेंगे कि सभी पौधे जीवित रहें, उन्होंने कहा कि वृक्ष धरा के भूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं, एसी खरीदने की जगह एक पौधा लगाएं। विधायक श्री जीएस धर्मेश जी ने कहा कि वृक्षों से ही हमारा अस्तित्व है कोरोना काल में हमने ऑक्सीजन के महत्व को देखा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh