आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के छलेसर गांव में एक शादी समारोह उस समय दहशत और अफरा-तफरी में बदल गया, जब दुल्हन की विदा के दौरान अचानक पथराव और मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक घटना में कई पुरुष और महिलाएं घायल हो गईं, जबकि मौके पर मौजूद महिलाएं और बच्चे किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत बीती रात शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। उस समय मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया था, लेकिन सुबह दुल्हन की विदा के दौरान विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दर्जन भर से अधिक लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला किया और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
अचानक हुए पथराव से शादी समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं और बच्चे इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं, कुछ लोग जमीन पर गिरते भी दिखाई दे रहे हैं और चारों ओर चीख-पुकार व अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
घटना में घायल लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि कुछ गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक समारोहों में डीजे और शोर-शराबे को लेकर बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- राहुल गांधी की ‘त्रिपुंड तिलक’ और ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम्’ पोस्ट से मची हलचल, बहन प्रियंका ने बताया सच - October 28, 2026
- “राम ने यादव को मारा” नाम पर संजय सिंह के सवाल, सीईओ यूपी के तीखे जवाब पर बवाल, बढ़ते विरोध के बाद मांगी माफी - October 28, 2026
- ओवैसी के मैदान में होने से सीएम योगी को होगा सीधा फायदा…यूपी चुनाव 2027 से पहले बाबा रामदेव का बड़ा बयान - October 28, 2026