आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के खड़िया गांव में मंगलवार दोपहर एक सत्संग को लेकर कथित धर्म परिवर्तन की चर्चा फैलने पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने सत्संग का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े। पुलिस का कहना है कि धर्म परिवर्तन की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं है और गांव में स्थिति सामान्य है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी देवेंद्र और लक्ष्मण के घर पर पिछले करीब तीन साल से सत्संग हो रहा है। शुरुआत में इसे सामान्य धार्मिक आयोजन माना गया, लेकिन हाल के दिनों में इसकी गतिविधियों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
मंगलवार करीब तीन बजे कुछ ग्रामीणों को सूचना मिली कि सत्संग के जरिए लोगों को कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध शुरू हो गया। बताया गया कि सत्संग में स्थानीय महिलाओं के साथ बाहर से आई कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं, जो विवाद बढ़ता देख वहां से निकल गईं।
सूचना मिलते ही खंदौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को काबू में किया। पुलिस के अनुसार, सुल्तान की 19 वर्षीय बेटी दुर्गेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिजन उसकी सलामती के लिए सत्संग करा रहे थे, क्योंकि उन्हें उस पर ऊपरी बाधा का संदेह था।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अब तक धर्म परिवर्तन जैसी किसी गतिविधि के साक्ष्य नहीं मिले हैं। यदि कोई लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम प्रधान सोनू का कहना है कि संबंधित परिवार सत्संग करता है, लेकिन उसकी गतिविधियां सामान्य आयोजनों से कुछ अलग लगती हैं। कुछ ग्रामीणों ने भी बताया कि सत्संग में बाहर से लोगों का आना-जाना रहता है, जिससे गांव में संदेह बना हुआ था। फिलहाल पुलिस निगरानी रखे हुए है और माहौल शांत बताया जा रहा है।
- आगरा के श्री महालक्ष्मी मंदिर में 1 सितंबर से सजेगा 18वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, 11 किलो की सतरंगी पोशाक और निशान यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र - August 24, 2026
- ’स्कूल चोरी’ का अनोखा मामला: यूपी में 5 गायब स्कूलों का पता बताने पर मिलेंगे 1 लाख रुपये, आप सांसद संजय सिंह ने दी खुली चुनौती - August 24, 2026
- मायावती ने राहुल गांधी के धरने पर भी साधा निशाना: कहा- संसद थाने के बाहर बैठे कांग्रेस नेता जंतर-मंतर पर दलितों का विरोध देखने क्यों नहीं गए? - August 23, 2026