आगरा: चार दिन पहले अंजना सिनेमा मार्केट के निकट भगत हलवाई के बाहर से महिला का बैग छीनने वाले अभियुक्त को थाना हरीपर्वत पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पैर में गोली भी लगी। पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में लेकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। एसीपी आदित्य कुमार ने मीडिया को बताया कि देर रात थाना हरीपर्वत को सूचना मिली थी कि एक शातिर अपराधी थाना क्षेत्र के इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम देने आया है। पुलिस ने तुरंत पालीवाल पार्क में उसे घेर लिया। घेराबंदी के बीच, शातिर ने पुलिस को अपने करीब आते देख भागने की कोशिश की और पुलिस के पीछे दौड़ते हुए उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी मनोज मूल रूप से एत्मादपुर का रहने वाला है। अब वह परिवार के साथ अवधपुरी थाना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि विगत नवंबर को आरोपी मनोज ने हरीपर्वत थाना क्षेत्र में भगत हलवाई की दुकान के बाहर से फिरोजाबाद निवासी महिला का हैंडबैग लूट लिया था। बैग में 80 हजार की नकदी और जरूरी कागजात रखे हुए थे। मुकदमा दर्ज करने के बाद हरीपर्वत पुलिस ने सीसीटीवी से फुटेज निकाले। बदमाश की पहचान की और मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी मनोज ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी कारगिल शहीद पेट्रोल पंप के पास से चुराई थी। इसके बाद से वह इसी स्कूटी से स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे रहा था। वह रोजाना ही हेलमेट पहनकर स्कूटी से निकलता था। जहां भी मौका मिलता था। स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था। पुलिस की जांच में आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। आरोपी मनोज के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।
एसीपी ने बताया कि आरोपी मनोज के कब्जे से पुलिस टीम ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, तमंचा, कारतूस और महिला से लूटी गई नकदी में से 9800 रुपये बरामद किए हैं। बाकी की रकम आरोपी ने जुए और शराब में खर्च कर दी थी।
- मैया मायावती जी को…बसपा सुप्रीमो को मां दुर्गा के 10 हाथों वाले स्वरूप में दिखाने वाला पोस्टर चर्चा में - October 27, 2026
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026