आगरा। आगरा के दोनों भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा के समय जयपुर हाउस स्थित पार्टी कार्यालय पर भारी गहमागहमी रही। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद थी। कार्यकर्ता अपने नये अध्यक्षों के नाम जानने के लिए इतने उतावले थे कि उन्होंने किसी भी नेता का भाषण नहीं होने दिया। मजबूरन नेताओं को भी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान कर दोनों जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा करनी पड़ी।
बता दें कि भाजपा ने आगरा जिले को संगठन के लिहाज से दो जिलों में बांट रखा है। आगरा महानगर और आगरा जिला। महानगर जिला इकाई में शहर के तीनों विधान सभा क्षेत्रों के अलावा एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र आता है जबकि आगरा जिला इकाई में आगरा देहात, फतेहपुरसीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह विधान सभा क्षेत्र आते हैं।
दोनों जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा के समय पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मौजूद थे। सबसे पहले महानगर के चुनाव अधिकारी मोहित बेनीवाल ने महानगर अध्यक्ष के रूप में जैसे ही राज कुमार गुप्ता के नाम की घोषणा की तो समर्थकों ने राज कुमार गुप्ता को कंधों पर उठा लिया। हर कोई उन्हें बधाई दे रहा था। समर्थकों ने उन्हें पगड़ी पहनाई तथा फूलमालाओं से लाद दिया। कंधों पर उठाकर ही समर्थक उन्हें पार्टी कार्यालय के अंदर से बाहर तक लाए।
घोषणा के समय पौनिया मौजूद नहीं थे
भाजपा के नये जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया को जिस समय जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई, वे वहां पर मौजूद नहीं थे। वे थोड़ी देर बाद वहां पहुंचे। उनके साथ आई समर्थकों की भारी भीड़ ने एक साथ भाजपा कार्यालय में घुसने की कोशिश की, जिससे भाजपा कार्यालय के गेट पर लगा शीशा टूट गया। जिलाध्यक्ष के रूप में प्रशांत पौनिया के नाम की घोषणा जिले के चुनाव अधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने की।
जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा के समय यूपी सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबिता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजूर भदौरिया, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह और निवर्तमान महानगर अध्यक्ष भानु महाजन समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
- मरने के लिए सात मिनट – गिग इकोनॉमी के टूटते शरीर - February 16, 2026
- Vedanta Aluminium Enhances Safe Drinking Water Access for over 3,000 Villagers in Odisha - February 16, 2026
- महोबा: जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का ‘लीकेज’, टेस्टिंग के 24 घंटे बाद ही फटी नई पानी की टंकी - February 16, 2026