Agra News: ‘संवेदना एक प्रयास’ संस्था ने 330 जरूरतमंद बच्चों को बांटी यूनिफॉर्म व स्टेशनरी, इस्कॉन के सहयोग से शुरू हुआ मिड-डे मील

PRESS RELEASE

आगरा। समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत संवेदना एक प्रयास संस्था ने शुक्रवार को पालिका नगर, नुनिहाई स्थित अपने निशुल्क शिक्षा केंद्र अंबे लक्ष्मी बाल विद्यालय में अध्ययनरत 330 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, टाई, स्टेशनरी एवं फूड पैकेट वितरित किए। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम में इस्कॉन मंदिर के सहयोग से विद्यालय में मिड-डे मील योजना का भी शुभारंभ किया गया, जिससे अब विद्यार्थियों को प्रतिदिन पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

संस्था के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ संस्था वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस्कॉन मंदिर के सहयोग से विद्यालय में मिड-डे मील योजना की शुरुआत की गई है, जिससे बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक एवं संतुलित भोजन मिलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में कक्षा 6, 7 एवं 8 की पढ़ाई भी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए विद्यालय का आवश्यक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान जब बच्चों ने नई स्कूल यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, टाई, स्टेशनरी और फूड पैकेट प्राप्त किए तो उनके मासूम चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया। अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।

इस अवसर पर श्याम सुंदर अग्रवाल, रवि गोयल, मयंक जैन, संजीव अग्रवाल, रिंकेश अग्रवाल, अमित पाराशर, संतोष मित्तल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh