आगरा। रंगों के त्योहार होली का आज से आगाज हो चुका है। कल (14 मार्च को) रंगों की धूम रहेगी। आज दिन में महिलाएं होली की पूजा कर रही हैं। रात में 11.28 बजे बाद होलिका दहन होगा।
होलिकोत्सव का उत्साह शहर के बाजारों में देखा जा सकता है। रंग, गुलाल, पिचकारी, मुखौटों और गुजिया से बाजार गुलजार हैं। पिछले कई दिन पहले से बाजार कमेटियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं समेत अन्य संस्थाओं में होली मिलन समारोहों का आयोजन चल रहा है।
इस बार की होली पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती से भरी है। इसकी वजह यह है कि कल शुक्रवार को होली के दिन रमजान माह के अंतर्गत जुमे की नमाज अदा होनी है। पुलिस इसे लेकर बेहद अलर्ट मोड पर है। न केवल आगरा शहर अपितु जिले के सभी कस्बों और गावों में भी पुलिस मार्च कर लोगों को संदेश दे रही है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त रुख अपनाया जाएगा।
होली आम तौर पर दोपहर एक बजे तक समाप्त हो जाती है, लेकिन पुलिस प्रशासन को डर है कि इसी वक्त नमाज के लिए निकलने वाले लोगों और होली खेलने वालों के बीच किसी प्रकार के टकराव की नौबत न आए। इसके लिए मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर पुलिस की खास नजर है। इन क्षेत्रों में थाना स्तर पर शांति कमेटियों की बैठकें हो चुकी हैं। थाना स्तर के पुलिस अधिकारी और सिपाही ही नहीं, एसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी भी सड़कों पर पैदल मार्च कर रहे हैं।
ये है होलिका दहन का श्रेष्ठ समय
दैवज्ञ पं. बृज मोहन दीक्षित के अनुसार इस बार होलिका दहन का श्रेष्ठ समय फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी (गुरुवार 13 मार्च 2025) को भद्रा के समाप्त होने पर रात्रि 11:28 बजे से अर्द्धरात्रि 12:06 बजे तक है।
जल संस्थान की ओर से भरपूर जलापूर्ति
होली पर अतिरिक्त पानी की जरूरत होती है, इसे ध्यान में रखकर वाटर वर्क्स की ओर से होली के दिन शहर में भरपूर जलापूर्ति के लिए कमर कस ली गई है। इसी प्रकार नगर निगम ने भी होलिका दहन के अगले दिन व्यापक सफाई अभियान की तैयारी कर रखी है। होलिका दहन वाले स्थलों पर नगर निगम की ओर से रंगोली भी सजाए जाने की तैयारी है।
- जिन्होंने सच्ची श्रद्धा से दान नहीं किया, राम मंदिर में उन्हीं का चढ़ावा हुआ चोरी… यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का बयान हुआ वायरल - July 15, 2026
- आगरा छावनी परिषद कार्यालय में भारी हंगामा: जमीन विवाद के बीच महिला ने खुद पर डाला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी - July 15, 2026
- Agra News: सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकानों का मामला गर्माया, नगर निगम के नोटिस के बाद व्यापारियों में हड़कंप - July 15, 2026