आगरा। नवनियुक्त मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ मुकेश अग्रवाल का कहना है कि यदि शास्त्र (नियम संगत निर्णय लेने) से काम नहीं चलेगा तो वे शस्त्र (दण्डात्मक कार्यवाही) उठाने से नहीं चूकेंगे। उन्होंने यह बात उनसे मिले राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों से कही।
डा अग्रवाल के नया कार्यभार ग्रहण करने पर प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ देवी सिंह नरवार के नेतृत्व में महासंघ के पदाधिकारियों ने उनसे भेंट की। इस दौरान शिक्षा विभाग के कार्यालयों में व्याप्त चुनौतीपूर्ण दुरावस्था में सुधार करने के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने उपरोक्त प्रतिक्रिया व्यक्त की। डॉ नरवार तथा जिलाध्यक्ष डॉ योगेन्द्र सिंह ने डॉ मुकेश अग्रवाल का माल्यार्पण कर एवं पटका पहनाकर स्वागत किया।
डॉ देवी सिंह नरवार ने बताया कि जनपद में फर्जी नियुक्तियों की पत्रावलियाँ गायब हैं। इसके लिए उत्तरदायी लिपिकों के विरुद्ध कार्यवाही की जानी चाहिए। जिला विद्यालय निरीक्षक के नियमित रूप से कार्यालय में न बैठने के बारे में जेडी ने कहा कि अब यह रवैया नहीं चलने दिया जायेगा।
नरवार ने शिकायत की कि अन्यत्र स्थानान्तरण होने अथवा सेवानिवृत्त होने के उपरान्त भी अनेक लिपिक अलमारियों में ताला लगाकर बिना कार्यभार सौंपे अपने साथ चाबियाँ भी ले गये हैं। जेडी ने महासंघ के पदाधिकारियों से कहा कि वे इस सम्बन्ध में लिखित शिकायत दर्ज कराएं तो वे जाँच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करेंगे।
स्वागत करने वालों में जिला महामंत्री डॉ दुष्यन्त कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, जिला कॉऑडीनेटर डॉ के पी सिंह शामिल थे।
- AKTU दीक्षांत समारोह: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की युवाओं को दो-टूक- ‘पराक्रम’ से बचें और आत्मनिर्भर बनने के बाद ही करें शादी - July 7, 2026
- आगरा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘अलर्ट’: यातायात पुलिस का विशेष अभियान, पहले दिन 34 वाहनों पर कार्रवाई - July 7, 2026
- आगरा के श्रीगोपालजी धाम में गूंजे गणेश वंदना के स्वर: ‘श्रीगणेश पुराण’ प्रवचन से शुरू हुई आध्यात्मिक ज्ञान की वर्षा - July 7, 2026