आगरा। गणतंत्र दिवस की हीरक जयंती पूर्ण होने पर आगरा नगर निगम ने जिस तरह के आयोजन किए, वह वर्षों याद रखे जाएंगे। नगर निगम ने अपनी मशीनों और वाहनों को आकर्षक झांकी के रूप में सजाकर एमजी रोड पर ठीक उसी तरह रैली निकाली जैसी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड होती है। इसके साथ ही एथनिक रन का भी आयोजन किया। मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने नगर निगम में ध्वजारोहण के बाद शहर के 11 समाजसेवियों का सम्मान किया।
एथनिक रन में शामिल हुए सैकड़ों लोग
गणतंत्र दिवस के 75 साल पूरे होने पर नगर निगम ने जिस तरह के आयोजन किए, वे शहरवासियों को सुखद अनुभूति करा रहे थे। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह एथनिक रन से हुई। एथनिक रन सुबह सात बजे नगर निगम से शुरू हुई और भगवान टॊकीज चौराहा से होते हुए सूरसदन तिराहा होते हुए आजाद पेट्रोल पंप पहुंचकर शहीद स्मारक होते हुए वापस नगर निगम में पहुंची। एथनिक रन में शामिल लोग स्वच्छता का संदेश देते हुए चल रहे थे। रन में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल थे।
एमजी रोड पर सजे वाहनों की झांकियां
इसके साथ ही नगर निगम की मशीनों और अन्य वाहनों को आकर्षक झांकियों के रूप में सजाकर एमजी रोड पर रैली निकाली गई। सजे हुए नगर निगम के वाहनों का काफिला जब नगर निगम से निकलकर एमजी रोड पर बढ़ा तो लोग रुक-रुक कर इसे देख रहे थे। वाहनों की यह रैली हरीपर्वत, सेंट, जॊन्स चौराहा, राजामंडी, नालबंद, धाकरान, रावली होते हुए प्रतापपुरा तक पहुंची। वहां से यह रैली फूल सैयद चौराहा होते हुए यमुना किनारा रोड पर पहुंच गई। जीवनी मंडी होते हुए नगर निगम पहुंचकर समाप्त हुई। इस रैली के जरिए भी शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
मेयर ने किया ध्वजारोहण
नगर निगम में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने ध्वजारोहण किया। मेयर ने इस मौके पर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्य पालन की शपथ भी दिलाई। महापौर ने नगर निगम परिसर में लगी संविधान शिल्पी डॊ. भीमराव आंबेडकर और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
इन समाजसेवियों को किया गया सम्मानित
समारोह में मेयर हेमलता दिवाकर ने शहर में समाजसेवा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे समाजसेवियों का अभिनंदन किया। सम्मानित किए गए समाजसेवियों में लाइंस इंटरनेशनल के पूर्व डाइरेक्टर जितेंद्र चौहान, प्रमुख उद्यमी और समाजसेवी पूरन डावर, रेणुका डंग, अंजू, सोनी त्रिपाठी और नगर निगम की ब्रांड एम्बैसडकर हिमानी बुंदेला आदि प्रमुख थे। कैलाश मंदिर के महंत निर्मल गिरि का भी सम्मान होना था, लेकिन वे किसी कारणवश नहीं पहुंच सके।
नगर निगम में हुए कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को उपहार भी दिए गए। इस मौके पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, अन्य अधिकारी, पार्षद शरद चौहान, हेमंत प्रजापति, अनुराग चतुर्वेदी और अन्य लोग मौजूद थे।
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026