आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी दीप्ति शर्मा को उनकी सबसे भरोसेमंद सहेली आरुषि गोयल और उसके माता-पिता ने करीब 30 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया है। मामला आगरा के सदर थाने का है, जहां दीप्ति के भाई सुमित शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
क्रिकेट के मैदान से शुरू हुई दीप्ति और आरुषि की दोस्ती जल्द ही गहरे भरोसे में बदल चुकी थी। आरुषि गोयल कैंट रेलवे स्टेशन पर जूनियर क्लर्क पद पर कार्यरत है। दोनों राजेश्वर मंदिर के पास एक ही फ्लैट में साथ रहती थीं। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए आरुषि और उसके माता-पिता ने कथित रूप से दीप्ति से अलग-अलग समय पर कुल 25 लाख रुपये यह कहकर उधार ले लिए कि वे जल्दी लौटा देंगे।
सुमित शर्मा के मुताबिक, दीप्ति के विदेश दौरे के दौरान 22 अप्रैल को आरुषि आगरा में राजेश्वर मंदिर के पास स्थित फ्लैट पर पहुंची और ताला खोलकर सोने-चांदी के आभूषण, 2500 अमेरिकी डॉलर, और कीमती सामान से भरे बैग लेकर चली गई। आरोप है कि उसने फ्लैट का ताला भी बदल दिया।
23 अप्रैल को आरुषि ने फोन कर कहा कि उसे फ्लैट से अपना सामान निकालना है। दीप्ति के निर्देश पर सुमित उसके साथ गया, लेकिन ताला नहीं खुला। फिर आरुषि ने अपनी चाबी से ताला खोला, फ्लैट से दिखावे के लिए कुछ सामान लिया और चली गई। आरोप है कि असली कीमती सामान वह पहले ही निकालकर ले जा चुकी थी।
सदर पुलिस ने दीप्ति शर्मा के भाई की शिकायत पर आरुषि गोयल, उसकी मां और पिता के खिलाफ धारा 406 (अमानत में खयानत), 420 (धोखाधड़ी), और 380 (चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, पर गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026