आगरा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां की पहल पर आज कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अरविंद बंगारी की अध्यक्षता में किसानों की समस्याओं को लेकर हुई बैठक में टोरेंट पावर, यमुना बैराज, आलू अनुसंधान संस्थान और यमुना एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
अधिकांश मामलों पर किसानों और विभिन्न विभागों के बीच सहमति बन गई, लेकिन टोरेंट पावर के अधिकारियों द्वारा किसानों का एरियर माफ करने से इनकार करने से किसानों की नाराजगी बढ़ गई।
बैठक में टोरेंट पावर के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि वे किसानों के बिजली बिल का एरियर माफ नहीं करेंगे। इस पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि टोरेंट पावर किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं करता, तो 25 अप्रैल से कमिश्नरी आगरा पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारियों और किसानों से धरने की तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया।
यमुना बैराज पर सकारात्मक संकेत
यमुना बैराज के अधिशासी अभियंता करणपाल सिंह ने जानकारी दी कि परियोजना के लिए आवश्यक छह में से पांच एनओसी प्राप्त हो चुकी हैं और अंतिम एनओसी भी जल्द मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बैराज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
आलू अनुसंधान संस्थान की स्थापना जल्द
डीडी उद्यान धर्मपाल यादव ने बताया कि उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप कल आगरा आ रहे हैं। आलू अनुसंधान संस्थान की स्थापना का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी व्यापारी किसानों से 5 किलो अतिरिक्त आलू न ले। इस संबंध में कोल्ड स्टोरेज और व्यापारियों को पत्र जारी करने के आदेश दिए गए।
यमुना एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण पर अगली बैठक में निर्णय
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण के 64.7 प्रतिशत मामलों को लेकर कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अगले सप्ताह इस मुद्दे पर विशेष बैठक बुलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाअधिकारी नगर अनूप कुमार, ताज बैराज के अधिशासी अभियंता करणपाल सिंह, डीडी उद्यान धर्मपाल सिंह, टोरेंट पावर के जीएम,भारतीय किसान यूनियन की ओर से मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया, युवा प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, नरेंद्र जादौन, केएस राणा, गिर्राज सिंह नौहवार, द्वारिका प्रसाद यादव,किशनवीर सिंह, रणजीत सिंह यादव, सौरव यादव,बच्चू सिंह यादव, बनवारी लाल तौमर,महाराज सिंह, शशिकांत कटारा, प्रेम सिंह लोधी सहित सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।
- आगरा में भव्यता के साथ नगर भ्रमण को निकला भगवान श्रीकृष्ण का डोला, सांसद नवीन जैन ने किया शुभारंभ, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल के’ जयकारे - September 5, 2026
- नंद घर आनंद भयो… दधि-कांदो के उल्लास में झूमे वैष्णवजन, आगरा के प्रेमनिधि मंदिर में मनाया नंदोत्सव - September 5, 2026
- आगरा में श्री खाटू श्याम जी मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नंदोत्सव: बच्चों को बांटे गए खिलौने, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे - September 5, 2026