आगरा। शिरडी से पधारी पावन साईं चरण पादुकाओं की दिव्य उपस्थिति ने आगरा को दो दिनों तक आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रखा। बुधवार को प्रतापपुरा स्थित द रमाना ग्रांड में भावपूर्ण विदाई के साथ यह दो दिवसीय दर्शन महोत्सव इतिहास बन गया। जैसे ही पवित्र पादुकाएं आगे की यात्रा पर रवाना हुईं, उपस्थित भक्तों की आंखें स्वतः नम हो उठीं और वातावरण में भक्ति का राग गूंजने लगा।
महोत्सव का समापन सोमवार को भक्ति, संगीत और आस्था की अनुपम छटा के बीच हुआ। पूरा परिसर दिव्यता से आलोकित था। हर भक्त के चेहरे पर श्रद्धा और साईं स्मरण का अद्भुत तेज दृष्टिगोचर हो रहा था।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में डीसीपी पश्चिम जोन अतुल शर्मा, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे, डीजी आरपीएफ (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार, श्री साईं संस्थान विश्वस्तव्यवस्था शिरडी के सीईओ दीपक मोहन, आईआरएस आदित्य प्रकाश भारद्वाज, पूर्व विधायक महेश गोयल, राजीव जोशी, राहुल चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चरण पादुकाओं के समक्ष शीष नवाकर शांति, सद्भाव और जनकल्याण की कामना की।
समापन का सबसे भावपूर्ण क्षण तब आया जब भजन गायक पुनीत खुराना ने अपनी मधुर संध्या प्रस्तुति से वातावरण को भक्ति रस से पूर्ण कर दिया। उनके भजनों की धुनों में ऐसा दिव्य प्रभाव था कि पूरा हॉल “साईं राम” के उद्घोष के साथ भक्ति में मग्न हो गया। भक्तों ने दीप प्रज्वलित कर और हाथ जोड़ के गहन आस्था व्यक्त की।
संयोजक अशोक रैना एवं अध्यक्ष नितिन कोहली ने सभी भक्तों, अतिथियों और प्रशासनिक सहयोगियों के प्रति आभार जताया। स्वागत अध्यक्ष अजय गुप्ता और राजेश गोयल ने कहा कि इस महोत्सव ने आगरा में साईं भक्ति का एक नया अध्याय रच दिया है।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026