आगरा: फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। रायभा टोल प्लाजा पर टोलकर्मी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब मामला बेहद संवेदनशील हो गया है। पीड़ित टोलकर्मी संजय सिंह के लापता होने की खबर ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फास्टैग और बैरियर को लेकर हुआ विवाद
मंगलवार दोपहर रायभा टोल पर ‘विधायक’ लिखी एक गाड़ी पहुँची, जिसमें सुरेश चौधरी और उनकी पत्नी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी पर फास्टैग नहीं था, लेकिन वीआईपी पास लगा होने के बावजूद बैरियर उठाने में करीब दो मिनट की देरी हुई। इसी बात पर तैश में आकर विधायक पुत्र ने गाड़ी से उतरकर टोलकर्मी संजय सिंह की कथित तौर पर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया।
“भाई लापता है, पुलिस बना रही दबाव”: पीड़ित परिवार का आरोप
घटना के बाद एक नया वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वीडियो में खुद को संजय का भाई बताने वाला युवक घर की छत से चिल्लाकर कह रहा है कि संजय लापता है। उसने पुलिस पर राजीनामा (Compromise) करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि भाई को कुछ हुआ तो वह कमिश्नर कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेगा। युवक ने खुद को संघ परिवार का सदस्य बताते हुए न्याय के लिए लखनऊ जाने की बात कही है।
विधायक की सफाई: “राजनीतिक साजिश और उकसावा”
इस पूरे मामले पर विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपने बेटे का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि टोलकर्मी ने अभद्र व्यवहार किया और विधानसभा का स्टीकर दिखाने के बावजूद बात नहीं मानी। विधायक का आरोप है कि उनके विरोधियों ने जानबूझकर उनके बेटे को उकसाया और राजनीतिक द्वेष के चलते अधूरा वीडियो वायरल कराया है।
पुलिस की जांच पर सबकी नजर
एक ओर टोलकर्मी के भाई की आत्मदाह की चेतावनी और दूसरी ओर सत्ता पक्ष का दबाव आगरा पुलिस के लिए यह मामला “गल गले की फांस” बन गया है। फिलहाल पुलिस लापता टोलकर्मी की तलाश और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर जांच की बात कह रही है।
- ‘नौकरी’ कभी भी भाजपा के एजेंडे में थी ही नहीं…एलोपैथिक फार्मेसिस्ट अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद बोले सपा प्रमुख - September 16, 2026
- 2027 की सियासी तैयारियों में जुटी बीजेपी, राजनीतिक गलियारों में उठ रहा सवाल— क्या चुनाव से पहले यूपी में लागू होगा UCC? - September 16, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा की नई रणनीति: विश्वविद्यालयों और कैंपस में ‘छात्र नौजवान पड़ाव अभियान’ की शुरुआत, Gen Z युवाओं को साधने में जुटी छात्र सभा - September 16, 2026