आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में महिला उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक पिछले कई वर्षों से उसे अश्लील संदेश और फोन कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी बदनामी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उससे लगातार पैसे वसूलता रहा और अब तक करीब 1 लाख 32 हजार रुपये ऐंठ चुका है।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी की पहचान सद्दामउद्दीन, निवासी छत्ता बाजार क्षेत्र, आगरा के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि आरोपी ने डर और दबाव का माहौल बनाकर लंबे समय तक उसका मानसिक और भावनात्मक शोषण किया। पैसे न देने पर वह उसे बदनाम करने और परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकियां देता था।
महिला का आरोप है कि जब भी उसका पति काम के सिलसिले में घर से बाहर होता था, आरोपी जबरन उसके घर में घुस आता था। इस दौरान वह गाली-गलौज करता, जान से मारने की धमकी देता और पैसों की मांग करता था। आरोपी पति और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे भयभीत रखता था, जिससे वह लंबे समय तक चुप रहने को मजबूर रही।
पीड़िता ने बताया कि 14 नवंबर 2025 की रात आरोपी ने जबरन घर में घुसकर दो लाख रुपये की मांग की। इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। बच्चों के बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी हाथापाई की गई। महिला ने आरोपी पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के भी आरोप लगाए हैं।
पीड़िता का कहना है कि सामाजिक बदनामी के डर और परिवार की सुरक्षा को लेकर वह अब तक खामोश रही, लेकिन लगातार बढ़ते उत्पीड़न और धमकियों के चलते उसने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन भी दिया गया है।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026