आगरा। राज्य योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने और आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3 लघु सेतुओं एवं पुलिया निर्माण कार्यों हेतु कुल ₹4.38 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के विशेष प्रयासों की अहम भूमिका रही है। क्षेत्रीय विकास को लेकर लगातार सक्रिय सांसद के प्रयासों का ही परिणाम है कि लोकसभा क्षेत्र में एक के बाद एक निर्माण कार्यों को मंजूरी मिल रही है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से महसूस की जा रही संपर्क सुविधा की कमी को दूर किया जाएगा। पहली परियोजना के अंतर्गत एनएच-3 दिगनेर पटरी से गुतिला गंगरौआ मार्ग होते हुए सुजगाई, बौधिक एवं अक्षम बच्चों के स्कूल तथा बनु माता मंदिर मार्ग पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस निर्माण से न केवल स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिलेगी, बल्कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
दूसरी परियोजना के तहत फतेहाबाद-सैंया-खेरागढ़-किरावली भरतपुर बॉर्डर मार्ग (SH-143) पर लघु सेतु निर्माण प्रस्तावित है। यह मार्ग क्षेत्रीय संपर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस पर सेतु निर्माण होने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सकेगा।
तीसरी स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत फतेहाबाद-रिहावली मार्ग से नगला मवाई मार्ग पर पुलिया निर्माण का कार्य कराया जाएगा। यह निर्माण स्थानीय ग्रामीणों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा, क्योंकि बरसात और जलभराव के समय इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता रहा है।
इन सभी स्वीकृत कार्यों का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा। विभागीय स्तर पर जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा सके। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, यातायात सुगम बनेगा, और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी। किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बाह, फतेहाबाद, आगरा ग्रामीण, खेरागढ़ और फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्रों में इससे पहले भी करोड़ों रुपये की लागत से पुलों और सड़कों के निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद राजकुमार चाहर ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है, जिसका लाभ सीधे गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
- आगरा नगर निगम में यूनीपोल आवंटन में भ्रष्टाचार की आशंका, महापौर हेमलता दिवाकर ने चेतावनी के साथ मांगी फाइलें - March 17, 2026
- Agra News: जागरूक ग्रामीण और खेरागढ़ पुलिस की सक्रियता से जीती जंग, साइबर ठगों से वापस मिले 60 हजार रुपये - March 17, 2026
- आगरा में अघोरी होली का अद्भुत नजारा: भाविप नवज्योति शाखा के होली महोत्सव में उमड़ा भक्ति और उल्लास - March 17, 2026