Agra News: विश्वासघात! फुटवियर शोरूम के वफादार कर्मचारी ने ही साथियों संग मिलकर उड़ाए थे 11 लाख, पुलिस ने 4 को दबोचा

Crime

आगरा। नाई की मंडी थाना पुलिस ने फुटवियर शोरूम से हुई 11 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड शोरूम का ही कर्मचारी था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.57 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिलें और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है। एक आरोपी अभी फरार है।

31 जनवरी की रात नाई की मंडी क्षेत्र स्थित चिराग फुटवियर शोरूम को निशाना बनाया गया था। बदमाशों ने छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी पार कर दी। पहचान छिपाने के लिए शोरूम के सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। इसी दौरान शक शोरूम के कर्मचारी राहुल पर गया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।

6 फरवरी को पुलिस ने पंचकुइयां कब्रिस्तान के पास से राहुल और समीर समेत चार आरोपियों को दबोच लिया। फरार आरोपी पवन बताया जा रहा है, जो राहुल का भाई है। उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक राहुल शोरूम में अकाउंटेंट था और उसे नकदी रखने की जगह व सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई गई। बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh