लखनऊ। बरेली की घटना की जांच के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बरेली जाने वाला था, लेकिन यूपी पुलिस ने सभी पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर लिया।
इस कार्रवाई से नाराज़ पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “बीजेपी सरकार अपराध रोकने में भले ही विफल हो, लेकिन अगर कोई पुलिसिया अपराध या बुलडोज़र पीड़ितों से मिलने जाए तो योगी जी की पुलिस पूरी तत्परता से उसे रोकने पहुंच जाती है।”
संजय सिंह ने कहा, “योगीराज में लोकतंत्र कैद है। आज आम आदमी पार्टी का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बरेली जाना चाहता था, लेकिन योगी सरकार की पुलिस ने प्रदेश कार्यालय को छावनी में बदल दिया।
जनता के बीच जाना, पीड़ितों से मिलना और सवाल उठाना अगर अपराध बन गया है, तो समझ लीजिए तानाशाही अपने चरम पर है। आवाजें दबाई जा सकती हैं, मिटाई नहीं जा सकतीं।”
उन्होंने आगे कहा कि “रामपुर में देखिए, अपराध रोकने के बजाय पुलिस AAP नेताओं को बरेली जाने से रोकने में व्यस्त है। रूहेलखंड प्रांत के अध्यक्ष हैदर भाई और प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल खान लाला के घर पर पुलिस तैनात है।”
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि “हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाओं में पुलिस घंटों बाद पहुंचती है, लेकिन बरेली जाने से रोकना हो तो पुलिस की सक्रियता देखते ही बनती है। किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कमांडो अशोक और उपाध्यक्ष डॉ. सुनीता गंगवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करो, बुलडोज़र चलाना बंद करो।”
संजय सिंह ने योगी सरकार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि “न कोई आदेश, न कोई क़ानून — फिर भी लोकतांत्रिक ढंग से आवाज़ उठाने वालों को रोका जा रहा है। जबकि नफ़रत फैलाने और गुंडागर्दी करने की खुली छूट दी जा रही है।”
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य:
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सह प्रभारी दिलीप पांडेय, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, रुहेलखंड प्रांत अध्यक्ष मो. हैदर, बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इमरान लतीफ, रुहेलखंड प्रांत प्रभारी नदीम अशरफ जायसी, अयोध्या प्रांत प्रभारी सरबजीत सिंह मक्कड़, महिला विंग अध्यक्ष नीलम यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. छवि यादव, यूथ विंग अध्यक्ष पंकज अवाना, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष कमांडों अशोक, प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला, रामपुर जिलाध्यक्ष अंसार अहमद, रुहेलखंड प्रांत उपाध्यक्ष सुनीता गंगवार, तिरंगा शाखा प्रमुख जनक प्रसाद, बरेली जिलाध्यक्ष राम सिंह मौर्या और पंचायत प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनय सिंह शामिल हैं।
साभार – मीडिया रिपोर्ट्स
- Agra News: ताजमहल के अंदर शिव तांडव स्तोत्र का वीडियो वायरल, बाल विदुषी लक्ष्मी बोलीं—यह तेजोमहालय… - November 4, 2025
- ग्रेटर नोएडा: स्पेशल बच्चों के लिए चलाया गया प्लेसमेंट ड्राइव, 28 छात्रों को मिला रोजगार का अवसर - November 4, 2025
- धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली, हवा ‘बेहद खराब’, सीपीसीबी ने जारी किया अलर्ट - November 4, 2025