छपरा। बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान अजीब मामला सामने आया। जब दुल्हन की छोटी बहन यानी साली का दिल दुल्हे पर आ गया। काफी हंगामे के बाद दुल्हे की साली से शादी करा दी गई। कई लोग इसे प्रेम-प्रसंग का मामला भी बता रहे हैं।
दरअसल, मामला सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के भभौली गांव का है। जहां गांव के रहने वाले रामू बीन की बड़ी पुत्री का विवाह छपरा शहर के रतनपुरा बिनटोली निवासी स्व. जगमोहन महतो के पुत्र राजेश कुमार से 2 मई को होना सुनिश्चित हुआ था। राजेश तय समय के अनुसार बैंड बाजे और बारात लेकर भभौली गांव पहुंच भी गया। घर में शादी के रस्म रिवाज भी निभाए जाने लगे। दोनों ने एक दूसरे को जयमाला भी पहना दी थी और शादी मंडप में जाने की तैयारी चल रही थी।
इधर, राजेश और दुल्हन भी मन ही मन अपने भविष्य के सपने गढ़ रहे थे, तभी दुल्हे की साली यानी दुल्हन की छोटी बहन पुतुल घर की छत पर पहुंच गई और धमकी दी कि अगर यह शादी हुई तो वह छत से कूदकर जान दे देगी। इसके बाद शादी की सभी रस्म रोक दी गई और खुशी का माहौल तानाव में बदल गया। इसके बाद बारातियों और सरातियों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। दोनों ओर से मारपीट भी हुई। किसी तरह यह सूचना मांझी थाना तक पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि के दोनों परिवार के सदस्यों के समझाने के बाद स्थिति शांत हुई और राजेश की शादी बड़ी बहन से न कराकर पुतुल से करवा दी गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पुतुल का पहले से ही राजेश के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बहरहाल, इस शादी की चर्चा इलाके में खूब हो रही है और इसे लेकर कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं।
- न्यू आगरा के दरोगा पर पत्नी को जहर देने का आरोप, फॉर्च्यूनर और फ्लैट के लिए पार की हैवानियत, पुलिस कमिश्नर ने आरोपी को किया लाइन हाजिर - March 31, 2026
- Agra News: ताजनगरी फेस-2 में विधवा के मकान पर कब्जे की कोशिश, दबंगों ने दी सरकारी नौकरी में तैनात बेटों को ‘फर्जी मुकदमे’ की धमकी - March 31, 2026
- आगरा में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के कड़े तेवर, लापरवाह अफसरों को फटकार- ‘बहाने नहीं, अब नतीजे चाहिए’ - March 31, 2026