तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की मासूम की हत्या! बुलंदशहर में खौफनाक वारदात, पड़ोसी महिला के कमरे से मिला अंगुलियां कटा हुआ शव

Crime

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में तंत्र-मंत्र के नाम पर चार वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। शनिवार सुबह अचानक गायब हुई बच्ची की तलाश में जब पुलिस ने घर-घर छानबीन की, तो उसका शव पड़ोस में किराए पर रहने वाली एक महिला के बंद कमरे से बरामद हुआ। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर परिजनों और पुलिसकर्मियों के रोंगटे खड़े हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के अवंती नगर (भूड़) मोहल्ले की है। यहां रहने वाले ऑटो चालक सचिन की चार साल की बेटी मान्या शनिवार सुबह करीब 11 बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी देर तक उसकी खोजबीन की, मगर कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को इत्तला दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना कोतवाली नगर, कोतवाली देहात और कोतवाली सिकंदराबाद समेत सात थानों की पुलिस और एसओजी की टीम बच्ची की तलाश में जुट गई।

सीसीटीवी में नहीं मिली लोकेशन, बंद कमरे का ताला तोड़ा तो सामने आया सच

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन बच्ची कहीं जाती हुई दिखाई नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने इलाके के संदिग्ध मकानों की तलाशी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर पड़ोस में रहने वाली किराएदार महिला सोनाली के बंद पड़े कमरे पर पड़ी। पुलिस ने महिला को चाबी लेकर कमरे पर आने को कहा, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। संदेह गहराने पर पुलिस ने जब ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, तो फर्श पर बिछे गद्दे के नीचे से मासूम मान्या का शव बरामद हुआ।

​कटी थीं हाथों की अंगुलियां, फर्श पर बनी थीं खड़िया से आकृतियां

पुलिस के अनुसार, बच्ची के दोनों हाथों की अंगुलियां कटी हुई थीं और उसके शरीर पर तंत्र-मंत्र की क्रियाओं के निशान थे। जिस जगह शव रखा था, उस गद्दे के आसपास खड़िया (चॉक) से कुछ तांत्रिक आकृतियां बनाई गई थीं और उन पर कुछ बच्चों के नाम भी लिखे मिले। मासूम का शव मिलते ही परिजनों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने तंत्र-मंत्र में बलि देने का आरोप लगाते हुए भूड़ चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

​जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा, एसएसपी बोले— आरोपी महिला हिरासत में

आक्रोशित लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर भी जमकर नारेबाजी की और आरोपी महिला को फांसी की सजा दिए जाने की मांग उठाई। इस पूरे घटनाक्रम पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तंत्र-मंत्र के लिए की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि बच्ची की मुंह दबाकर हत्या की गई है। आरोपी महिला बीते एक साल से पड़ोस में अपने सात साल के बेटे व बेटी के साथ किराए पर रह रही थी। उसे हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस की टीम गहन पूछताछ कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh