नोएडा STF और दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘डी-कंपनी’ से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी एनकाउंटर में ढेर

Crime

नोएडा/दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की ‘डी-कंपनी’ से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर और शूटर नसीम दुर्रानी शुक्रवार तड़के नोएडा एसटीएफ (STF) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मारा गया। 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद दुर्रानी का संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से भी रहा था।

दिल्ली में मंत्री के दफ्तर के बाहर हुए हत्याकांड में थी तलाश

16 नवंबर को दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के समीप समीर नामक व्यक्ति पर 15 से 20 गोलियां बरसाकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को नसीम दुर्रानी की मुख्य रूप से तलाश थी। शुक्रवार तड़के पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दुर्रानी सिकंदराबाद बाईपास के पास स्कूटी से जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि होने के बाद नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने उसका पीछा करना शुरू किया।

20-22 राउंड चलीं गोलियां, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना

पुलिस के अनुसार, जब संदिग्ध स्कूटी को रोकने का प्रयास किया गया तो दुर्रानी ने वाहन की गति बढ़ा दी। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। खुद को घिरता देख दुर्रानी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से करीब 20 से 22 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल दुर्रानी को तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​छोटा राजन की हत्या की सुपारी और 25 से ज्यादा मुकदमे

एनकाउंटर स्थल से पुलिस ने .32 बोर की दो पिस्टल बरामद की हैं। नसीम दुर्रानी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है; उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। जांच अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2016-17 के दौरान तिहाड़ जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की हत्या कराने के लिए छोटा शकील ने दुर्रानी को ही सुपारी दी थी। दुर्रानी के मारे जाने को दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध और डी-कंपनी के सिंडिकेट पर बड़ी पुलिस सफलता माना जा रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh