आगरा में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज: 15 से अधिक देशों की फिल्मों की होगी निःशुल्क स्क्रीनिंग

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी आगरा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठी है। ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (ITHM) संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (GTIFF-2026) का भव्य शुभारंभ किया गया।

तीन दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में भारत सहित 15 से अधिक देशों की सार्थक, सामाजिक और कलात्मक फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। खास बात यह है कि आम दर्शकों और फिल्म प्रेमियों के लिए फिल्मों की स्क्रीनिंग, प्रवेश, चाय और नाश्ते की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।

​अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की मौजूदगी ने बढ़ाई गरिमा

विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का औपचारिक आगाज हुआ। उद्घाटन सत्र में फ्रांस से आईं अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को से फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली से गायिका मारिया, मुंबई से प्रसिद्ध अभिनेत्री विभा रानी, अमेरिका से अभिनेत्री क़शिश अग्निहोत्री बाजपेयी और वेनेजुएला से अल्फ्रेडो सहित देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। इस दौरान फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी सहित सभी मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण, पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

​”फिल्म इंडस्ट्री अब मनोरंजन के साथ-साथ रोजगार का बड़ा जरिया”: सूरज तिवारी

फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि फिल्म उद्योग आज केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि एक विशाल व्यावसायिक और रोजगारपरक क्षेत्र बन चुका है। युवाओं के लिए अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग, एनिमेशन और तकनीकी क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए विधिवत प्रशिक्षण और गंभीर अध्ययन बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि आगरा और आसपास के जनपदों के युवाओं को फिल्म निर्माण से जोड़ना, फिल्म मेकर्स को प्रोत्साहित करना और ताजनगरी में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को विकसित करना इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान रोशनी गिदवानी के निर्देशन में कालिंदी अकादमी के स्टूडेंट्स द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

​विश्वविद्यालय में शुरू होंगे फिल्म विधा के रोजगारपरक कोर्स: कुलपति प्रो. आशु रानी

समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय जल्द ही फिल्म निर्माण से जुड़े नए पाठ्यक्रम और एनिमेशन कोर्स शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। इससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में आयोजित दस दिवसीय फिल्म मेकिंग प्रायोगिक कार्यशाला में विद्यार्थियों ने स्वयं एक फिल्म तैयार की है, जिसे इस फेस्टिवल में प्रदर्शित किया जाएगा।

‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ की स्क्रीनिंग से हुआ आगाज

खचाखच भरे सभागार में फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म के रूप में राष्ट्रपति के जीवन पर आधारित फीचर फिल्म “महामहिम दीदीजी मुर्मू” का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर दर्शक अभिभूत हो गए। माउंट आबू (राजस्थान) से आई इस फिल्म की मुख्य कलाकार संपा मंडल (जो दिल्ली एनएसडी से जुड़ी हैं) तथा निर्देशक पंपोज मिश्रा व प्रभा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज केंद्र से शीला दीदी, अश्विनी दीदी और कविता दीदी सहित बड़ी संख्या में अनुयायी और दर्शक उपस्थित रहे।

15 से अधिक देशों की फिल्मों का होगा प्रदर्शन और मास्टरक्लास

फेस्टिवल में फ्रांस, इटली, पोलैंड, अमेरिका, जर्मनी, रूस, यूके, सिंगापुर, जापान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, ईरान और वेनेजुएला सहित 15 से अधिक देशों की फीचर फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज की स्क्रीनिंग की जा रही है।

​सह-आयोजक ITHM के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला ने बताया कि महोत्सव के तहत मास्टर टॉक शो और कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रख्यात अभिनेता और एक्टिंग कोच ज्ञानप्रकाश (मुंबई) मास्टरक्लास लेंगे, जबकि प्रसिद्ध अभिनेत्री विभा रानी पैनल डिस्कशन में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।

उद्घाटन समारोह में प्रमुख रूप से समाजसेवी पूरन डावर, कुलदीप पाठक, के.एम. सिंघल, जीनत जीशान, नितिन गोयल, अनिल अग्रवाल, रेनू रावत तिवारी, राजेंद्र सचदेवा, डॉ. अरुण शर्मा, शिव प्रताप सिंह, रणजीत सामा सहित साहित्यकार श्रुति सिन्हा (संचालन), कविता रायजादा, डॉ. मधु भारद्वाज, वत्सला प्रभाकर और अभिनेत्री जया सिंह समेत बड़ी संख्या में कला, साहित्य और सिनेमा जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।

Dr. Bhanu Pratap Singh