आगरा के ‘PDA दलित महासम्मेलन’ में अखिलेश यादव की हुंकार: “अब ‘D’ का मतलब ‘दमदार दलित’, 2027 में आएगी सामाजिक न्याय की सरकार”

POLITICS

लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक तापमान अपने चरम पर पहुँच गया है। ताजनगरी आगरा में आयोजित ऐतिहासिक ‘पीडीए (PDA) दलित महासम्मेलन’ में उमड़े अपार जनसैलाब को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और विरोधी दलों पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला।

;

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को मानने वाली पार्टी है। उन्होंने जोर देकर कहा, “अगर देश में संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी दलितों, पिछड़ों और शोषितों को आरक्षण मिलेगा और उनके साथ न्याय हो सकेगा।” इस दौरान उन्होंने आगरा में दलित समुदाय के साथ हुए हालिया अन्यायों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया।

​”20 से अधिक पेपर लीक हुए, 26 हजार प्राइमरी स्कूल कर दिए बंद”

अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की शिक्षा नीतियों और रोजगार के दावों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में 20 से भी ज़्यादा प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक (Paper Leak) हो चुके हैं, और इसके लिए सीधे तौर पर सरकार के ही लोग जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से पिछड़े और दलित समुदायों के बच्चों को पढ़ाई-लिखाई से दूर रखने का षड्यंत्र रच रही है। इसी नीति के तहत उत्तर प्रदेश के लगभग 26 हजार सरकारी प्राइमरी स्कूलों को बंद या मर्ज कर दिया गया है, जिससे गरीब और दलित बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।

​ओवैसी के तंज पर अखिलेश का पलटवार: “PDA का मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ नहीं, ‘पलट देंगे…’”

हाल ही में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी द्वारा दिए गए बयानों पर बिना नाम लिए कड़ा पलटवार करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “जैसे-जैसे 2027 का चुनाव करीब आ रहा है, सियासत के नए-नए सैलानी आ गए हैं। इनका ‘ओटीपी’ (OTP) कहीं और से आ रहा है और ये किसी और के माइक के लाउडस्पीकर बनकर बोल रहे हैं।”

​ओवैसी के तंज का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने पीडीए की नई सियासी परिभाषा गढ़ दी। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि PDA का मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ नहीं, बल्कि ‘पलट देंगे…’ है। अखिलेश के इस आक्रामक बयान के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में पीडीए और विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चाएं और अधिक तेज हो गई हैं।

​”अब ‘D’ का मतलब ‘दमदार दलित’, भाजपा के सहयोगियों का भी होगा सफाया”

आगरा के महासम्मेलन में उमड़ी भीड़ से गद्गद अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार पीडीए की परिभाषा बदलने और इसमें फूट डालने की कोशिश कर रही है, लेकिन आगरा की इस ऐतिहासिक रैली में दलितों के अभूतपूर्व समर्थन ने साबित कर दिया है कि अब पीडीए में ‘D’ का मतलब केवल ‘दलित’ नहीं, बल्कि ‘दमदार दलित’ हो गया है।

​उन्होंने कहा कि यह रैली केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि ऐसा लगा जैसे पूरे प्रदेश का दलित समाज आगरा में एकत्र हो गया है। दलित समाज ने इस मंच से स्पष्ट संदेश दे दिया है कि इस बार वह भाजपा और उसके संगी-साथियों के वर्चस्व को हमेशा के लिए उखाड़ फेंकेगा। उन्होंने ऐलान किया कि जो भी दल भाजपा के साथ खड़ा है, पीडीए पूरी ताकत से उसके खिलाफ लड़ेगा।

​”2027 में आएगी सामाजिक न्याय की सरकार”

अखिलेश यादव ने सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ संविधान तथा आरक्षण की रक्षा करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा तो हर नागरिक का मान-सम्मान बचेगा।

आगरा की इस विशाल रैली की अभूतपूर्व सफलता ने पूरी तरह साबित कर दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर ‘पीडीए सरकार’ बनने जा रही है। यह सरकार प्रदेश में ‘सामाजिक न्याय का राज’ स्थापित करेगी, हर प्रकार के सामाजिक व जातिगत भेदभाव को मिटाएगी और सकारात्मक व प्रगतिशील विचारों से प्रत्येक नागरिक के मान-सम्मान, गरिमा, प्रतिष्ठा और तरक्की को सुनिश्चित करने वाला एक सच्चा ‘बंधु-राष्ट्र’ बनाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh