नई दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप (Mahadev Online Book App) मामले में एक बहुत बड़ी और देशव्यापी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने इस मामले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर द्वारा की गई गहन पूछताछ और खुलासों के आधार पर देश के 6 अलग-अलग राज्यों में स्थित कुल 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
तलाशी के दौरान सट्टेबाजी और जुए के कई पैनल संचालित होते हुए पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है।
6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी
महादेव ऐप मामले में 6 राज्यों में CBI की छापेमारी जारी है। जिनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर के नाम शामिल हैं। बता दें कि छापेमारी के दौरान की जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए भी मिले।
ओमान से प्रत्यर्पित सौरभ चंद्राकर से पूछताछ हुई
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर स्थित CBI मामलों के विशेष न्यायाधीश ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में CBI को सौंपने का आदेश दिया था।
पूछताछ में सौरभ ने प्लेटफॉर्म के कामकाज और भारत में उसके पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां दीं। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।
विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का नेटवर्क
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से जांच CBI को सौंपे जाने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से अपने मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) के जरिए संचालित किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के माध्यम से इसका संचालन होता था।
ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा करते थे, जिन्हें विशेष रूप से दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला चैनलों के माध्यम से विदेश भेजी जाती थी।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर स्थित CBI मामलों के विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। इसमें विदेश में रह रहे आरोपी, इस नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोग और संबंधित सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। फरार अन्य आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
CBI ने दी आम लोगों को चेतावनी
CBI टीम ने आम लोगों को आगाह किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी हैं। इस तरह की गतिविधियों के लिए किसी दूसरे व्यक्ति को अपना म्यूल बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी आपराधिक अपराध है। ऐसा करने वाले खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
- “भाजपा-RSS गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है”: हैदराबाद में राहुल गांधी का केंद्र पर तीखा प्रहार - November 14, 2026
- महादेव ऐप सट्टा घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के खुलासे पर 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी - November 14, 2026
- कालिंदी विहार के अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क में गूंजी बुद्ध वंदना: सामाजिक समरसता कार्यक्रम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब - November 14, 2026