आगरा: ताजनगरी आगरा में शनिवार तड़के हादसों का काला सवेरा देखने को मिला। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला बड़ा हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां एक मिनी बस ट्रक में पीछे से जा घुसी। वहीं दूसरा हादसा थाना एकता क्षेत्र में हुआ, जहां दिल्ली से प्रयागराज जा रही लक्ष्मी ट्रैवल्स की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी मिनी ट्रैवलर, दो की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या से दर्शन कर आगरा की ओर आ रही एक मिनी ट्रैवलर बस शनिवार सुबह करीब चार बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 37.100 के समीप हादसे का शिकार हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण मिनी बस आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जोरदार ढंग से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे यात्रियों में जोर-जोर से चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के वक्त बस में कुल 13 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम और थाना प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
इलाज के दौरान दो यात्रियों—प्रदीप पुत्र किशन (उम्र 53 वर्ष) और जनक बेन पत्नी कीरत सिंह (उम्र 58 वर्ष) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल हुए अन्य यात्रियों में मनोहर, उमा बेन, पदम बेन, उर्वशी बेन, किट्टू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी, क्ररूठा, वर्षा बेन, रेणुका बेन और हिना बेन शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से तीन यात्रियों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
दिल्ली-प्रयागराज बस हादसा: चालक पर शराब पीने का आरोप
इसके अलावा दूसरा हादसा शहर के थाना एकता क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां दिल्ली से यात्रियों को लेकर प्रयागराज जा रही लक्ष्मी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस अचानक बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि हाईवे पर बंद रास्ते से बस को नीचे उतारने के दौरान यह दुर्घटना घटी।
बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि चालक के नशे में होने के दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
हादसे की सूचना जैसे ही डायल 112 पर मिली, थाना एकता पुलिस और एंबुलेंस की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँच गईं। पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को अपने हाथों से उठाकर एंबुलेंस तक पहुँचाया और उन्हें जल्द से जल्द निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
- राहुल गांधी का प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला: “पीएम मोदी करा रहे हैं मेरा फोन टैप, मोबाइल में मौजूद हैं सारे सबूत” - November 14, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तड़के भीषण हादसा: ट्रक में घुसी मिनी बस, दो की मौत और 11 घायल - November 14, 2026
- आगरा में पहली बार निकली ऐतिहासिक चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा: हाथियों, घोड़ों और भव्य झांकियों संग झूम उठा जैन समाज - November 14, 2026