एसएन मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग की बड़ी सफलता; सामान्य एक्स-रे में पकड़ में न आने वाली वस्तु को ब्रोंकोस्कोपी से निकालकर बचाई बच्चे की जान

स्थानीय समाचार

आगरा। बच्चों की श्वासनली (Windpipe) में फंसी एक छोटी सी वस्तु भी कभी-कभी कितनी जानलेवा साबित हो सकती है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई बार सामान्य एक्स-रे में भी इसका पता नहीं चल पाता। ऐसे में चिकित्सकों की सूझबूझ और सही समय पर लिया गया सटीक निर्णय किसी की भी जिंदगी बचा सकता है। ऐसा ही एक सराहनीय मामला ताजनगरी के सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज में सामने आया है, जहाँ ईएनटी (ENT) विभाग के चिकित्सकों ने एक जटिल ब्रोंकोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए पांच वर्षीय मासूम की श्वासनली में फंसी बाहरी वस्तु को सफलतापूर्वक बाहर निकालकर उसे नया जीवनदान दिया है।

​सामान्य एक्स-रे के बाद भी डॉक्टर ने नहीं छोड़ी आशंका

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चा लगातार खांसी और सांस लेने में गंभीर परेशानी से जूझ रहा था। परिजन उसे अत्यंत गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँचे। यहाँ अस्पताल में शुरुआती जाँच के दौरान बच्चे का एक्स-रे सामान्य आया।

इसके बावजूद, ईएनटी विभाग की चिकित्सक डॉ. रोहिणी ने बच्चे के लक्षणों को अत्यंत गंभीरता से लिया और श्वासनली में किसी विदेशी वस्तु के फंसे होने की आशंका कोरी नजरअंदाज नहीं किया। उन्होंने समझा कि बच्चों की श्वासनली में फंसी कुछ वस्तुएं सामान्य एक्स-रे में नजर नहीं आती हैं। अपने चिकित्सकीय अनुभव का परिचय देते हुए उन्होंने तत्काल ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से आगे की जांच और उपचार का निर्णय लिया।

​जटिल प्रक्रिया के जरिए निकाली गई वस्तु

चिकित्सकों ने जब ब्रोंकोस्कोपी के जरिए बच्चे की श्वासनली की गहराई से जांच की, तो पाया कि बच्चे के दाहिने मुख्य ब्रोंकस (Right Main Bronchus) में एक बाहरी वस्तु फंसी हुई है, जो उसकी जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी।

​डॉ. रोहिणी ने अत्यंत सावधानी, धैर्य और चिकित्सकीय कुशलता का परिचय देते हुए इस जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और श्वासनली से उस वस्तु को बाहर निकाल लिया। इस पूरी जीवनरक्षक प्रक्रिया में ईएनटी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रितु गुप्ता तथा डॉ. अखिल प्रताप का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत में तेजी से सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य रूप से सांस ले रहा है।

​प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने की टीम की सराहना

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने ईएनटी विभाग की पूरी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने अपनी सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देकर एक मासूम की जान बचाई है। उन्होंने यह भी दोहराया कि कॉलेज प्रशासन का निरंतर यह प्रयास है कि आगरा और आसपास के अंचल से आने वाले मरीजों को संस्थान में ही आधुनिक, विश्वस्तरीय और उच्च कोटि की चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराई जाएं।

Dr. Bhanu Pratap Singh