आगरा में लाल किले की दीवार से टकराई तेज रफ्तार बाइक: दो दोस्तों की मौके पर दर्दनाक मौत, तीसरा एसएन मेडिकल कॉलेज में लड़ रहा जिंदगी की जंग

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी आगरा में रफ्तार का जुनून एक बार फिर दो परिवारों को जिंदगी भर न भरने वाला गहरा जख्म दे गया। मंगलवार देर रात थाना रकाबगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर लाल किले (आगरा फोर्ट) की प्राचीर दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उस पर सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सरोजिनी नायडू (SN) मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

बिजलीघर से लाल किले की ओर जा रहे थे तीनों दोस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे रकाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामलीला मैदान के गेट के ठीक सामने घटित हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम (PRV) को सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल संख्या UP80 JH 3167 पर तीन युवक सवार होकर बिजलीघर की तरफ से लाल किले की ओर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही वे रामलीला मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने पहुँचे, चालक अचानक बाइक से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क किनारे लाल किले की मजबूत दीवार से जा भिड़ी।

​नैतिक और विशाल ने मौके पर तोड़ा दम, प्रेम की हालत गंभीर

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े और पुलिस की मदद से राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​मृतकों की पहचान नैतिक (16 वर्ष) पुत्र भोला सिंह (निवासी सुल्तानपुर, थाना सदर) और वि विशाल (19 वर्ष) पुत्र मनोज (निवासी धर्मशाला वाली गली, नाले के पास, थाना मंटोला) के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे साथी प्रेम (19 वर्ष) पुत्र धर्म (निवासी मंटोला) को गंभीर हालत में तुरंत पुलिस वाहन से एसएन मेडिकल कॉलेज पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसे बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

परिवारों में मचा कोहराम, अस्पताल पहुँचे बदहवास परिजन

​हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। देर रात ही रोते-बिलखते परिजन एसएन मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस पहुँचे, जहाँ अपनों के शव देखकर हर किसी का कलेजा कांप उठा। परिजनों ने बताया कि 16 वर्षीय नैतिक अपने परिवार में सबसे छोटा था और अभी उसकी पढ़ाई जारी थी। एक ही झटके में दो होनहार युवकों की असमय मौत से सुल्तानपुर और मंटोला इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

​पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा; ट्रिपल राइडिंग और रफ्तार बनी काल

​घटनास्थल आगरा फोर्ट पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। रकाबगंज थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में अत्यधिक तेज रफ्तार, एक बाइक पर तीन सवारियां (ट्रिपल राइडिंग) और हेलमेट न पहनना ही गंभीर चोटों और मौत की मुख्य वजह प्रतीत हो रहे हैं।

​यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कड़ा सबक देता है कि थोड़ी सी लापरवाही किस तरह हँसते-खेलते परिवारों की खुशियाँ हमेशा के लिए छीन सकती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh