मुजफ्फरनगर में दीपावली की रात दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर बनी आग का गोला, महिला और बच्चे समेत 6 की मौत

REGIONAL

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दीपावली की पावन रात एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार हुंडई ऑरा (Hyundai Aura) कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई और जोरदार धमाके के साथ पलट गई। कार के पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई और वह देखते ही देखते आग का गोला बन गई। आग इतनी विकराल और तेज थी कि कार में सवार महिला और एक बच्चे समेत सभी छह लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे उनकी जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

​जींद से हरिद्वार की ओर जा रहे थे सभी यात्री

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के मूल निवासी बताए जा रहे हैं, जो दीपावली की रात जींद से अपनी गाड़ी द्वारा हरिद्वार की ओर यात्रा कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी के निकट पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और शॉर्ट सर्किट के चलते उसमें आग लग गई।

आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि आसपास से गुजरने वाले राहगीर और स्थानीय लोग भी चाहकर भी मदद नहीं कर पाए और बेबस खड़े रहे। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग (Fire Brigade) की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

​पुलिस और दमकल के पहुंचने तक सब कुछ हो चुका था खत्म

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक सब कुछ समाप्त हो चुका था। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत और घंटों की जदोजहद के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद कार के अंदर फंसे सभी छह शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।

आग इतनी अधिक भीषण थी कि सभी शव बुरी तरह झुलस चुके थे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात संजय महाडिक और फुगाना के क्षेत्राधिकारी (CO) भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे हादसे की जानकारी लेते हुए मातहतों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

​पुलिस का बयान

तितावी थाना प्रभारी जयबीर सिंह ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में यह सामने आया है कि कार सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद के रहने वाले थे और हरिद्वार जा रहे थे। इस भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। पुलिस द्वारा मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से जागाहेड़ी क्षेत्र और मृतकों के पैतृक इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh