​आगरा में दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे; फतेहपुर सीकरी में रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव, शमसाबाद में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत

स्थानीय समाचार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार का दिन हादसों के नाम रहा। जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की है, जहां रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला, वहीं दूसरी घटना शमसाबाद थाना क्षेत्र की है जहां निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा 22 वर्षीय एक मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मजदूर की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मकान मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

​फतेहपुर सीकरी: रेलवे ट्रैक के किनारे मिला अज्ञात शव

फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में शनिवार शाम रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से स्थानीय इलाके में सनसनी फैल गई। शव खंभा संख्या 46/15 और रेलवे फाटक संख्या 39 के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF) के एएसआई शिव नारायण यादव पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

​प्रारंभिक पड़ताल में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई है।

हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। मृतक की पहचान भी समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। रेलवे पुलिस आसपास के ग्रामीण इलाकों में पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक के बारे में सुराग मिल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

शमसाबाद: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, सड़क पर जाम

दूसरी घटना शमसाबाद थाना क्षेत्र के गढ़ी शक्कन के पास की है। यहां शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहा 22 वर्षीय अंकित हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। मृतक अंकित, बड़ा गांव (शमसाबाद) निवासी ईश्वरी प्रसाद का पुत्र था। वह शीतल नामक व्यक्ति के नवनिर्मित मकान पर मजदूरी का काम कर रहा था। मकान के छज्जे के ठीक पास से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। कार्य के दौरान अचानक वह इस उच्च दाब लाइन की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।

​हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग उसे तत्काल आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​परिजनों का हंगामा और सड़क जाम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने मकान मालिक पर सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और न्याय की मांग करते हुए शव को शमसाबाद-आगरा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रामप्रवेश गुप्ता और स्थानीय थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची.

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन देकर बमुश्किल समझाया, जिसके बाद जाम को समाप्त कराया जा सका।

परिजनों का आरोप था कि मकान मालिक ने उन्हें काम के दौरान बिजली की आपूर्ति बंद कराने का भरोसा दिलाया था, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरतते हुए लाइन चालू रखी गई। शमसाबाद थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh