आगरा। दीपावली पर्व के दृष्टिगत ताजनगरी में अवैध आतिशबाजी के भंडारण, खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ आगरा पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों के मकानों को अवैध रूप से पटाखों का गोदाम बनाए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है। सदर बाजार और थाना छत्ता पुलिस की अलग-अलग टीम द्वारा की गई त्वरित छापेमारी में कुल 265 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। जब्त की गई आतिशबाजी की अंतरराष्ट्रीय व बाजार कीमत करीब 2.70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों स्थानों से दो आरोपियों को दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पहली कार्रवाई: देवरी रोड से 100 किलो आतिशबाजी बरामद
पहली बड़ी सफलता सदर बाजार थाना पुलिस को मिली। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि नगला भवानी सिंह (देवरी रोड) स्थित एक आवासीय मकान के भीतर बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में बारूद और पटाखे जमा करके रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर मकान पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान कमरों में छुपाकर रखे गए करीब 100 किलो अवैध पटाखे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये के करीब है। मौके से पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई: सिंधी गली में 165 किलो पटाखे जब्त
वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना छत्ता पुलिस द्वारा सिंधी गली क्षेत्र में अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि घनी बस्ती के बीच बने एक मकान से अवैध पटाखों का बड़े पैमाने पर भंडारण और चोरी-छिपे क्रय-विक्रय किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने ठिकाने पर अचानक दबिश देकर लगभग 165 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए, जिनकी बाजार कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से आरोपी सक्षम गुप्ता को दबोच लिया।
सुरक्षा को लेकर खड़े हुए गंभीर सवाल
दोनों ही छापों में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि शातिर आरोपियों ने रिहायशी मकानों को ही पटाखों का डिपो बना रखा था। दीपावली से पूर्व घनी आबादी के बीच बिना किसी सुरक्षा मानकों के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण आसपास रहने वाले सैकड़ों परिवारों की जान के लिए बहुत बड़ा खतरा बना हुआ था। यदि कोई छोटी सी चिंगारी भी भड़कती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के सीजन में अवैध आतिशबाजी की जमाखोरी और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- यूपी 2027 चुनाव के लिए भाजपा का ‘सुपर प्लान’: 18 मंडलों में पीएम मोदी की रैलियां, अमित शाह संभालेंगे बूथ प्रबंधन - November 6, 2026
- आगरा दक्षिण के सपा नेता विनय अग्रवाल ने अखिलेश यादव से की मुलाकात: चुनावी घोषणा पत्र में ‘व्यापारी आयोग’ शामिल करने की मांग - November 6, 2026
- आगरा के बर्खास्त फायरमैन की यूपी-112 पर दुस्साहसिक धमकी: कहा- “जांच आख्या न मिली तो गोरखनाथ मठ में लगा दूंगा आग” - November 6, 2026