आगरा में कोचिंग सेंटर के भीतर मिला गणित के शिक्षक का शव; बदबू फैलने पर खुली घटना, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी स्थित बीएस प्लाजा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कोचिंग सेंटर के अंदर से गणित के शिक्षक का शव बरामद हुआ। सेमी-बेसमेंट में संचालित कोचिंग सेंटर से अचानक तेज दुर्गंध उठने पर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने मृतक की पहचान 50 वर्षीय ओमप्रकाश (ओपी) यादव के रूप में की। शव अत्यधिक डीकंपोज (गलने) की स्थिति में मिला है, जिससे पुलिस आशंका जता रही है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।

शिवालिक स्कूल में पदस्थ थे ओपी यादव

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश यादव मूल रूप से कानपुर देहात जिले की रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के रहने वाले थे और अविवाहित थे। वह आगरा के प्रसिद्ध शिवालिक स्कूल में गणित के वरिष्ठ शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसके साथ ही वह आवास विकास कॉलोनी के बीएस प्लाजा स्थित सेमी-बेसमेंट में ‘ओपी यादव’ के नाम से अपनी निजी कोचिंग भी संचालित करते थे।

​मंगलवार से बंद था कोचिंग सेंटर

​स्थानीय दुकानदारों और छात्रों के मुताबिक, कोचिंग सेंटर गत मंगलवार से बंद पड़ा हुआ था और ओपी यादव स्कूल भी नहीं पहुंचे थे। लगातार तीन-चार दिनों तक कोचिंग सेंटर न खुलने और अंदर से असहनीय दुर्गंध बाहर आने पर आसपास के व्यापारियों व निवासियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया।

​सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस और आवास विकास चौकी की टीम तुरंत बीएस प्लाजा पहुंची। पुलिस ने कोचिंग सेंटर का दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया तो सेमी-बेसमेंट में शिक्षक का शव पड़ा हुआ मिला।

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

​कोचिंग सेंटर के सेमी-बेसमेंट से शव मिलने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओमप्रकाश यादव की मौत किन परिस्थितियों में और किस समय हुई, तथा मंगलवार से गायब रहने के बावजूद किसी को उनका सुराग क्यों नहीं मिला—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

​शुरुआती तफ्तीश के आधार पर पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए आत्महत्या समेत सभी संभावित कोणों से जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मौके से कोई स्पष्ट साक्ष्य या सुसाइड नोट मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जगदीशपुरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh