आगरा: जिले के मलपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला रेवती गांव में बुधवार शाम एक बंद मकान के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में जूता कारीगर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के रिश्तेदारी में बाहर जाने के कारण वह घर में अकेला था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। मृतक के शरीर पर फफोले पड़े होने के कारण प्राथमिक दृष्टि में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है।
बंद कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को हुआ शक
घटना मलपुरा क्षेत्र के जगनेर रोड से करीब 80 मीटर अंदर स्थित एक गली की है। लगभग 100 वर्ग गज के इस मकान में दो कमरे और टीनशेड बना हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले दो दिनों से मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और कोई चहल-पहल नहीं दिख रही थी। बुधवार शाम को जब मकान से तेज दुर्गंध आने लगी, तो अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने तुरंत मलपुरा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब किसी तरह दरवाजा खोला, तो अंदर कमरे में शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान धर्मेंद्र (32 वर्ष) पुत्र वेद प्रकाश के रूप में हुई। धर्मेंद्र मूल रूप से सुल्तानपुरा (थाना सदर) का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से नगला रेवती में अपना मकान बनाकर जूते बनाने (शू मेकिंग) का काम करता था।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।
मामले में जानकारी देते हुए एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और शरीर की स्थिति को देखते हुए जहर खाने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
- पीएम मोदी को चाय पिलाने वाली मीरा मांझी के घर सियासी जमावड़ा: विपक्ष के हमलों के बीच अब मेयर ने की आर्थिक सहायता - October 30, 2026
- टीबी मुक्त आगरा के संकल्प को मिलेगी रफ्तार: UNM फाउंडेशन के सहयोग से 50 मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली - October 30, 2026
- टीबी मुक्त आगरा के संकल्प को मिलेगी रफ्तार: UNM फाउंडेशन के सहयोग से 50 मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली - October 30, 2026