दरोगा ने महिला को अकेले मिलने कमरे पर बुलाया, फोन पर कहा- मेरी बात मानोगी तो तुम्हारे विरोधियों का हाल मुरख्तार जैसा कर दूंगा; सस्पेंड

Crime

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में न्याय की आस लेकर थाने पहुंची एक महिला से कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और उसे अकेले मिलने के लिए बुलाने वाले दरोगा के खिलाफ आखिरकार गाज गिर गई है। मधुबन थाने के अंतर्गत आने वाली दुबारी पुलिस चौकी के दरोगा ओमप्रकाश सिंह का एक महिला के साथ लगभग 16 मिनट का कथित आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। प्रारंभिक जांच में ऑडियो के सही पाए जाने और प्रथम दृष्टया दोषी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।

​ऑडियो में क्या कह रहा था दरोगा?

यह पूरा मामला मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की दुबारी पुलिस चौकी से जुड़ा है। वायरल हुए ऑडियो में दरोगा महिला के जमीन से जुड़े किसी विवाद का जिक्र करते हुए कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि वह उसके विरोधियों का हाल माफिया मुख्तार अंसारी जैसा कर देगा।

बातचीत के दौरान दरोगा महिला से बार-बार वीडियो कॉल करने और थाने से अलग हटकर अकेले मिलने के लिए दबाव बनाता नजर आ रहा है। इस लंबी बातचीत में कई अन्य बातें भी सामने आई हैं, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी महिला

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से जुड़ी हुई बताई जा रही है। मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली यह महिला वर्तमान में मऊ के मधुबन इलाके में निवास करती है। महिला के मुताबिक, गांव के ही कुछ लोगों के साथ उसकी जमीन को लेकर रंजिश व विवाद चल रहा था। इसी मामले में वह अपनी फरियाद लेकर पुलिस चौकी पहुंची थी। आरोप है कि जांच-पड़ताल के दौरान दरोगा ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और उसके बाद लगातार उसे निजी नंबर पर फोन करने लगा।

पहले लाइन हाजिर, फिर हुई निलंबन की कार्रवाई

यह सनसनीखेज ऑडियो जब 21 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर सामने आया, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सर्वेश कुमार मिश्रा ने त्वरित एक्शन लेते हुए सबसे पहले दरोगा ओमप्रकाश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया था।

इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी (CO) सत्येंद्र भूषण तिवारी को सौंपी गई थी। विभागीय जांच में दरोगा और महिला के बीच हुई बातचीत को बेहद अमर्यादित, अनुशासनहीन और आपत्तिजनक पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर शुक्रवार शाम को एसपी ने दरोगा ओमप्रकाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अब इस प्रकरण की अग्रिम जांच क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh