वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को आरबीआई बोर्ड के सदस्यों को संबोधित करने के बाद एक संवाद्दाता सम्मेलन में देश की सबसे बड़ी बैंक धोखाधड़ी के मामले पर बात की। सीतारमण ने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए शासन के दौरान एबीजी शिपयार्ड खाता एनपीए में बदला गया था।
वित्त मंत्री ने की बैंकों की तारीफ
वित्त मंत्री ने कहा कि इस मामले में बैंकों को शिपिंग फर्म द्वारा किए गए धोखाधड़ी का पता लगाने में सामान्य से कम समय लगा। उन्होंने कहा कि इस विशेष मामले में मुझे बैंकों की सराहना करनी चाहिए क्योंकि उन्होंने इस प्रकार की धोखाधड़ी का पता लगाने के लिए सामान्य रूप से औसत समय से कम समय लिया है। सीतारमण ने कहा कि आमतौर पर बैंक ऐसे मामलों का पता लगाने और अनुवर्ती कार्रवाई शुरू करने में 52 से 56 महीने का समय लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एनडीए शासन के दौरान बैंकों की सेहत में सुधार हुआ है और वे बाजार से धन जुटाने की स्थिति में हैं।
देश की सबसे बड़ी बैंक धोखाधड़ी
गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हाल ही में एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड, उसके पूर्व अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ऋषि कमलेश अग्रवाल और अन्य को आईसीआईसीआई बैंक के नेतृत्व में दो दर्जन ऋणदाताओं के एक संघ को धोखा देने के लिए बुक किया था। यह पूरा घोटाला 22,842 करोड़ रुपये का है। इसके तहत कंपनी ने 28 बैंकों से कर्ज लिया है। सीबीआई ने सात फरवरी को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद जांच के बाद छापेमार कार्रवाई की और कंपनी के पूर्व अध्यक्ष ऋषि कमलेश अग्रवाल समेत आठ लोगों पर मामला दर्ज किया। बता दें कि एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा की गई धोखाधड़ी विजय माल्या और नीरव मोदी के कुल घोटाले के बराबर है।
कांग्रेस ने केंद्र पर लगाए थे ये आरोप
एबीजी शिपयार्ड कंपनी द्वारा 22 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सरकार जनता का पैसा लुटाओ, फिर भगाओ की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के तहत लगातार घोटाले हो रहे हैं और आरोपी देश छोड़कर विदेश भाग रहे हैं। वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट में ये लिखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था कि मोदी काल में अबतक 5,35000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड हो चुके हैं। 75 सालों में जनता के पैसे की ऐसी धांधली कभी नहीं हुई। लूट और धोखे के ये दिन सिर्फ मोदी के मित्रों के लिए अच्छे दिन हैं।
-एजेंसियां
- 25 साल से फरार चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार लखनऊ से गिरफ्तार, नेपाल में छिपकर काट रहा था जिंदगी, रेलवे स्टेशन से CBI ने धर-दबोचा - October 24, 2026
- यूपी चुनाव 2027: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की घोषणा, जननीति भारत पार्टी लड़ेगी 403 सीटों पर, बोलीं “लक्ष्य जनता का राज” - October 24, 2026
- कन्नौज में अखिलेश का पुतला फूंकने पहुंचे हिन्दुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु की पिटाई, सपा नेत्री ने जड़े थप्पड़, समर्थक भागे - October 24, 2026