आगरा का ललित लोधी मामला: राजीव गांधी बार एसोसिएशन ने पीड़ित परिवार को दिया निशुल्क कानूनी पैरवी का आश्वासन

स्थानीय समाचार

आगरा: रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके में हुई ललित की संदेहास्पद मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली और लीपापोती से आहत पीड़ित परिवार को अब कानूनी और सामाजिक समर्थन मिलने लगा है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बुधवार को रावली स्थित मृतक के निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान मृतक के पिता चंदन सिंह राजपूत का दर्द फूट पड़ा और उन्होंने शासन-प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।

​”जिस भाजपा को वोट दिया, उसी के राज में नहीं मिल रहा न्याय”

​मृतक ललित के पिता श्री चंदन सिंह राजपूत ने बेहद भावुक और रोते हुए लहजे में वरिष्ठ अधिवक्ता के सामने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि जिस भारतीय जनता पार्टी को उन्होंने और समाज के लोगों ने हमेशा तहे दिल से वोट देकर सत्ता तक पहुँचाया, आज उसी सरकार के शासनकाल में उनके बेटे की हत्या पर उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है और उच्च अधिकारी केवल टालमटोल कर रहे हैं, जिससे उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्होंने संकल्प जताया कि वे अपने बेटे की मौत का इंसाफ लेकर रहेंगे।

​घटनास्थल का निरीक्षण और पुलिस की थ्योरी पर सवाल

​मुलाकात के बाद पीड़ित पिता चंदन सिंह राजपूत, अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा और अन्य वकीलों को उस घटनास्थल पर लेकर गए जहाँ यह पूरी घटना घटी थी। पिता ने मौके की स्थिति दिखाते हुए कहा कि पुलिस की यह थ्योरी पूरी तरह झूठी है कि ललित खुद गिरा था; यदि वह खुद गिरता तो दीवार के सहारे नीचे आता।

​उन्होंने उस स्थान को भी दिखाया जहाँ अभी भी जमीन और ईंटें खून से लाल पड़ी हैं। पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पुलिसकर्मियों ने ऊपर छत से धक्का देकर नीचे फेंका था। साथ ही, अपनी काली करतूतों पर पर्दा डालने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और चिप भी गायब कर दी है, ताकि कोई ठोस सबूत उनके हाथ न लग सके।

​राजीव गांधी बार एसोसिएशन ने की निशुल्क कानूनी पैरवी की घोषणा

​पीड़ित परिवार की पीड़ा सुनने के बाद राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि बार एसोसिएशन के सभी साथी अधिवक्तागण और पूरी कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

​अध्यक्ष ने ऐलान किया कि यदि पुलिस के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से कानूनी कार्रवाई करनी पड़ी, तो एसोसिएशन की ओर से पूरी तरह निशुल्क कानूनी पैरवी की जाएगी और ललित के परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।

प्रमुख अधिवक्ताओं की रही उपस्थिति

​इस दौरान पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और न्याय की लड़ाई में सहयोग का संकल्प लेने वालों में एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र गुप्ता, धीरज, बी.एस. फौजदार, नवीन वर्मा, रामदत्त दिवाकर, आर.एस. मौर्य, उमेश जोशी सहित कई अन्य प्रमुख अधिवक्तागण उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन के इस कदम से पीड़ित परिवार को एक बड़ी कानूनी ताकत और संबल मिला है।

Dr. Bhanu Pratap Singh