आगरा: ताजनगरी के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित भावना एस्टेट इलाके में आयोजित जनकपुरी महोत्सव के दौरान एक भाजपा नेता के परिवार के साथ हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय “बांगड़ी कटिंग गैंग” के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की दो चूड़ियां बरामद कर ली हैं। यह गैंग मेलों और भारी भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं के हाथों से बड़ी सफाई से चूड़ियां काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
क्या थी पूरी घटना?
बीती 8 अक्टूबर को पार्किंग के पास जनकपुरी महोत्सव की भारी भीड़ के दौरान, भाजपा नेता हेमंत भोजवानी के परिवार की एक महिला के हाथ से शातिर चोरों ने सोने की दो चूड़ियां काट कर उड़ा ली थीं। घटना के तुरंत बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुलासे के लिए टीमों का गठन किया।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, महाराष्ट्र तक किया पीछा
मामले की तह तक जाने के लिए सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारिकी से छानबीन की। सुराग हाथ लगने पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए महाराष्ट्र तक दबिश दी और अंततः सफलता हासिल की।
पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे निवासी गणेश और इरफान नामक दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की दो चूड़ियां (वजन लगभग 25 से 30 ग्राम) सकुशल बरामद कर ली गई हैं। पुलिस कमिश्नरेट की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गैंग के अन्य फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।
- गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का अनूठा रूप: गोरक्षपीठाधीश्वर की परंपरागत वेशभूषा में दो घंटे से अधिक समय तक किया विशेष पूजन - October 20, 2026
- संयुक्त राष्ट्र महासभा में गूंजी आगरा के सांसद नवीन जैन की आवाज: UNGA के 81वें सत्र में रखा भारत का पक्ष, वैश्विक व्यापार और कानूनी सुधारों पर दिया जोर - October 20, 2026
- आगरा की लायर्स कॉलोनी में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी पर्व: मंदिर श्री सर्वेश्वर धाम में पारंपरिक रूप से हुआ शास्त्र और शस्त्र पूजन - October 20, 2026