बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स हादसा सामने आया है। शनिवार रात कोतवाली देहात क्षेत्र के चरनगहिया गांव में एक बेकाबू कार दुर्गा पूजा पंडाल और टेंट में बैठे लोगों को रौंदते हुए अंदर जा घुसी। इस भीषण हादसे में मौके पर ही 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और कोहराम मचा हुआ है।
आरती के बाद टेंट में वीडियो देख रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहा के चरनगहिया गांव का है। यहां दुर्गा मंदिर के बाहर मां की आरती समाप्त होने के बाद ग्रामीण टेंट के नीचे बैठकर प्रोजेक्टर पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सीधे टेंट में जा घुसी। बेकाबू कार ने वहां बैठे सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दो लोगों को बहराइच रेफर कर दिया गया।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों स्थानीय लोगों की शिनाख्त इस प्रकार हुई है। पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42 वर्ष), मनोज सिंह (51 वर्ष), गणेश पांडेय (45 वर्ष), वहीं, हादसे में घायल होने वाले चार लोगों के नाम छेदीराम (50 वर्ष), घोपराम (31 वर्ष), डब्लू (37 वर्ष) और मुकेश तिवारी (30 वर्ष) हैं। ये सभी पीड़ित चरनगहिया-बेलहा गांव के ही रहने वाले हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, आर्थिक मदद का ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए सीएम योगी ने कहा, “जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”
मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस हिरासत में चालक, नशे में होने की आशंका
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में यह आशंका जताई जा रही है कि कार का ड्राइवर नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
- आगरा के श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में जीवंत हुईं पौराणिक कथाएं: सूर्पणखा की नाक काटने से लेकर सीता हरण तक के प्रसंगों ने किया भावुक - October 18, 2026
- देश की नई शिक्षा व्यवस्था पर राहुल गांधी का तीखा हमला: बोले— पैसा, ताकत और अंग्रेजी न होने पर युवाओं को बाहर कर देता है सिस्टम - October 18, 2026
- आगरा के सेंट जोंस चौराहे पर सजेगा विजयादशमी का मेला: भगवान श्रीराम करेंगे रावण का वध, आतिशबाजी और भरत मिलाप लीला बनेगी मुख्य आकर्षण - October 18, 2026