लखनऊ: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में 25 हजार रुपये की इनामी और मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस 1 मिनट 15 सेकंड के वीडियो में श्रद्धा दुबे ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सफाई दी है और पुलिस के सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बताने की इच्छा जताई है। वीडियो में उसने दावा किया है कि वह कहीं भागी नहीं है और शिवा शर्मा की मौत हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी।
”मेरा नाम किसी नेता या अधिकारी के साथ न जोड़ा जाए”
वायरल वीडियो में श्रद्धा दुबे मीडिया और जनता से अपील करते हुए नजर आ रही है। उसने कहा, “मेरा आप सभी से बहुत-बहुत निवेदन है कि प्लीज मेरे नाम को इस तरह मत उछालिए और हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। कुछ लोगों ने मेरा नाम कई बड़े अधिकारियों और नेताओं के साथ बेवजह जोड़ दिया है। सिर्फ इसलिए कि वे मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े हैं, मेरे बारे में झूठी अफवाहें न फैलाई जाएं। मेरा किसी से कोई गलत कनेक्शन नहीं है।”
आरोपी मॉडल ने आगे कहा कि वह कहीं गायब नहीं हुई है और वह खुद पुलिस के सामने आकर अपना बयान दर्ज कराना चाहती है ताकि घटना की असली सच्चाई सामने आ सके। उसने कहा, “मैंने कुछ नहीं किया है। शिवा शर्मा की कोई हत्या नहीं हुई थी, बल्कि वह सुसाइड था। यह बात मैं आप सभी के सामने रखने वाली थी।” इसके साथ ही उसने अपनी खराब शारीरिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि वह इस समय पूरी तरह से फिट नहीं है, लेकिन जल्द ही पुलिस के समक्ष पेश होगी।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी लिव-इन-पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली समेत तीन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घटना के बाद से ही तीनों फरार चल रहे थे और अंदेशा जताया जा रहा था कि वे बहराइच के रास्ते नेपाल भाग चुके हैं। साथ ही, आरोपी मॉडल के हाई-प्रोफाइल लोगों से संबंधों को लेकर भी कई तरह के दावे किए जा रहे थे। हालांकि, इस नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है।
- दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: आसमान में छाए काले बादल, तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी - October 15, 2026
- हमीरपुर का ऐतिहासिक चौरादेवी मंदिर: यमुना-बेतवा के मध्य स्थित है आस्था का केंद्र, ब्रिटिशकाल से जुड़ी है मंदिर की अनूठी कहानी - October 15, 2026
- सीएम योगी का पूर्ववर्ती सरकारों पर बड़ा हमला: बोले— 2017 से पहले उपेक्षा और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी थीं माताएं और बेटियां - October 15, 2026