आगरा में राज्यसभा सांसद नवीन जैन का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन, वाल्मीकि समाज ने 101 किलो की माला पहनाकर किया भव्य स्वागत; उमड़ा समर्थकों का जनसैलाब

स्थानीय समाचार

आगरा: आगरा के पूर्व महापौर एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नवीन जैन का जन्मदिन उनके कमला नगर स्थित आवास पर अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और जनसैलाब के बीच मनाया गया। सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और दूर-दूर से आए शुभचिंतकों का तांता लग गया, जो देर रात्रि तक अनवरत जारी रहा। जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर स्वागत-सम्मान और कार्यकर्ताओं के उमंग के बीच कई ऐसे अनूठे दृश्य देखने को मिले, जिसने इस आयोजन को आगरा के राजनीतिक पटल पर बेहद खास बना दिया।

​वाल्मीकि और ब्राह्मण समाज द्वारा हुआ ऐतिहासिक स्वागत

​सुबह से ही सांसद के आवास के बाहर “नवीन जैन जिंदाबाद” के नारों से गलियां गूंज उठीं। जैसे ही सांसद नवीन जैन अपने निवास से बाहर आए, कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिवादन किया। इस दौरान विभिन्न समाजों ने अपने अनूठे अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं।

​कार्यक्रम की शुरुआत में वाल्मीकि समाज की ओर से विशेष अभिनंदन किया गया। वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारियों ने अपने पूर्व महापौर का स्वागत किया, वहीं वाल्मीकि महापंचायत की ओर से उन्हें गदा, फरसा और 101 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, ब्राह्मण नेता नागेश पंडित और भाजपा महानगर महामंत्री नीतेश शिवहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 151 किलो गेंदे के फूलों की भारी-भरकम माला पहनाकर सांसद को जन्मदिन की बधाई दी।

​सामाजिक समरसता और विभिन्न संगठनों की सहभागिता

​सांसद नवीन जैन के इस जन्मदिन समारोह में समाज के हर वर्ग के लोगों ने व्यापक भागीदारी दर्ज कराई। इसमें ओबीसी, अनुसूचित समाज, अल्पसंख्यक वर्ग, महिला नेत्रियों, युवा मोर्चा और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे ‘सामाजिक समरसता’ का एक जीवंत उदाहरण बना दिया।

आगरा की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं—जैसे आगरा दिगंबर जैन परिषद, क्षत्रिय महासभा, स्वर्णकार समिति, जनकपुरी कमेटी, ब्राह्मण परिषद, अग्रवाल महासभा, रामलीला कमेटी, जैसवाल जैन महासभा और हरि बोल सेवा समिति सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर उन्हें 51-51 किलो की मालाएं पहनाईं और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

​जन्मदिन के बीच दिखा जनसेवा का अनूठा रूप

​समारोह की धूम के बीच एक ऐसा दृश्य भी सामने आया जिसने सभी का दिल जीत लिया। उत्सव के माहौल में कुछ फरियादी अपनी समस्याएं लेकर सांसद नवीन जैन के पास पहुंच गए। सांसद ने तुरंत चल रहे कार्यक्रम को विराम दिया और बड़े ही आत्मीय भाव से उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस जनसुनवाई के प्रसंग ने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा-कार्यों की याद दिला दी। पत्रकारों के सवाल पर सांसद ने कहा कि वे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा-कार्यों से प्रेरणा लेकर जनता की सेवा कर रहे हैं।

​बच्चों के प्रति उनका स्नेह भी आकर्षण का केंद्र रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने जब उनके लिए जन्मदिन का गीत गाया, तो सांसद ने अपने सुपुत्र वैभव जैन के माध्यम से बच्चों को चॉकलेट और आइसक्रीम वितरित करवाकर उनका आभार जताया।

​दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस भव्य आयोजन में प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, प्रदेश मंत्री सह एमएलसी विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पूर्व सांसद प्रभा दयाल कठेरिया, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री रामबाबू हरित, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, वक्फ बोर्ड के निदेशक गुलाम मोहम्मद, जे.डी. शर्मा, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष यादवेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh