संत शिरोमणि गुरु रविदास 650वीं जयंती: आगरा में समरसता महोत्सव के लिए हुआ भूमि पूजन, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र रहे मुख्य अतिथि

PRESS RELEASE

आगरा। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महासभा द्वारा आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय समरसता महोत्सव की तैयारियों ने बुधवार को विधिवत गति पकड़ ली। बीएसएनएल ग्राउंड, तारघर चौराहा स्थित आयोजन स्थल पर बुधवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह एवं प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र की उपस्थिति में भूमि पूजन संपन्न हुआ।

महासभा के अध्यक्ष रमेश करदम एवं सचिव अभिनव मौर्य ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 2, 3 और 4 अक्टूबर को बीएसएनएल ग्राउंड, तारघर चौराहा पर तीन दिवसीय समरसता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में आगरा सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के लोग शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन, दर्शन और उनके द्वारा दिए गए समानता, सामाजिक समरसता, मानव सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। तीन दिवसीय आयोजन में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संत रविदास जी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में आयोजन स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रचार प्रमुख विजय सामा ने बताया कि महोत्सव को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है और विभिन्न क्षेत्रों से लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। वहीं स्वागत महामंत्री हर्ष दिवाकर ने बताया कि बाहर से आने वाले अतिथियों एवं समाज के प्रतिनिधियों के स्वागत की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

सोशल मीडिया प्रमुख प्रमोद महाजन ने बताया कि महोत्सव की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

इस अवसर पर संरक्षक मनोज राजोरा, अभिषेक कोटिया, अशोक पिप्पल, डॉ. निष्ठा शर्मा, अंजली, हेमा चौहान (पार्षद), अनुराग चतुर्वेदी (पार्षद), योगेंद्र प्रधान, मानसिंह चौधरी, राकेश जाटव, राहुल, अरविंद सक्सेना, राजेंद्र गौतम, राहुल उपाध्याय, प्रदीप अग्रवाल (पार्षद), प्रशांत सोनी, चंद्रप्रकाश, मयंक दुबे, चंद्रपाल राना, ललित शर्मा, शुभम कश्यप, शिविर जैन, प्रमोद महाजन, दीप विनायक, रवि शर्मा, सोनू डोगरा, प्रशांत चौहान, अवधेश शर्मा, गोविंद आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh