गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव और मछली पकड़ने के वायरल वीडियो पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, चुनाव बाद मक्खी मारेंगे’

POLITICS





उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे पर भारी बारिश के दौरान जलभराव और वहां कथित तौर पर लोगों द्वारा मछलियां पकड़े जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दल के नेता सह कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद पर जोरदार सियासी तंज कसा है।

​’भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, चुनाव के बाद मक्खी मारेंगे’

​अखिलेश यादव ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए तंज कसते हुए लिखा, ‘भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, उप्र चुनाव के बाद मक्खी मारेंगे… अब इनकी सरकार में एक झगड़ा और शुरू हो जाएगा, पहले से नाराज़ चल रहे मत्स्य मंत्री जी कहेंगे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ को हमारे मंत्रालय को सौंप दिया जाए। मछली शहर वाले इस पर अपना दावा अलग ठोकेंगे।’

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव का यह इशारा सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की ओर था। हाल ही में गोंडा जिले में निषाद समाज से ताल्लुक रखने वाले स्थानीय नेता विनोद साहनी की हत्या के मामले को लेकर संजय निषाद ने अपनी ही सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया था और तीखे तेवर दिखाए थे। इसी पृष्ठभूमि में अखिलेश यादव ने यह कटाक्ष किया है।

​36 हजार करोड़ की लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव से उठे सवाल

​उत्तर प्रदेश में 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की भारी-भरकम लागत से तैयार किए गए गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव की स्थिति ने इसके निर्माण की गुणवत्ता और इंजीनियरिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव जिले के सोनिक वसीरतगंज स्थित एग्जिट टोल प्लाजा पर पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण इतना अधिक पानी भर गया कि सड़क तालाब में तब्दील हो गई। हालात यह हो गए कि आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग वहां बाल्टी और जाल लेकर मछली पकड़ने पहुंच गए। इस अजीबोगरीब नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा हुआ है।




Dr. Bhanu Pratap Singh